मंगलवार, 6 मई 2008

साहित्य सृजन – अप्रैल-मई 2008(संयुक्तांक)

मेरी बात

सुभाष नीरव

मंहगाई का गहराता संकट और खत्म होती कृषि ज़मीन
मंहगाई की मार से आज हरतरफ त्राहि-त्राहि मची है। कहते हैं कि मंहगाई की ऐसी मार पहले कभी नहीं पड़ी। इधर, ‘जनसता’ के 4 मई 2008 के अंक में सत्येंद्र रंजन का इसी समस्या पर एक बेहद महत्वपूर्ण आलेख प्रकाशित हुआ है– “अब सवाल पेट भरने का है”। सत्येंद्र रंजन अपने आलेख में इससे जुड़े प्रमुख सवालों से ही नहीं टकराते, इस समस्या के पैदा होने के कारणों को भी खोजने की कोशिश करते हैं। वह कहते हैं कि दुनिया जिस समय विकास के एक नए स्तर पर पहुंची मानी जा रही है, उसी समय मानव समाज को सबसे बुनियादी समस्या ने घेर लिया है। समस्या खाने की है। अनाज का गहरा संकट सारी दुनिया में पैदा हो गया है। उन्होंने इसकी दो वजहें बताई हैं– इंसानी और आसमानी। आसमानी वजहों जिसके पीछे एक हद तक इंसान का ही हाथ मानते हैं, में आस्ट्रेलिया में पिछले दो साल से पड़ रहे अकाल को मानते हैं। आस्ट्रेलिया दुनिया में गेहूं का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है। इस अकाल के चलते वहां से निर्यात न हो पाने की वजह से विश्व बाजार में गेहूं की भारी कमी हो गई है। मलेशिया और फिलीपींस जैसे पूर्वी एशियाई देशों में चावल की पैदावार घटने से ऐसी ही स्थिति चावल को लेकर बनी है। इंसानी वजहों का जिक्र करते हुए सत्येंद्र रंजन कहते हैं कि कुदरत की मार पर आसानी से काबू पाया जा सकता था अगर अमेरिका और लातिन अमेरिका के कुछ देशों में अनाज की खेती के लिए उतनी जमीन मौजूद रहती जितनी अभी हाल तक रहती थी और वहां अनाज का इस्तेमाल खाने की बजाय दूसरे मकसद के लिए नहीं होता। दरअसल कच्चे तेल के बढ़ते दाम और तेल के भंडार खत्म होने के अंदेशे की वजह से अमेरिका जैसे देशों ने जैव–ईंधन पर जोर देना शुरू किया है। वहां मक्के और गन्ने की खेती ज्यादा जमीन पर की जाने लगी है और इन फसलों का इस्तेमाल खाने की बजाय इथोनेल और बायो-फ्यूएल यानी जैव–ईंधन बनाने के लिए होने लगा है। वह अनाज के लिए उपलब्ध जमीन और अनाज की मात्रा दोनों में आई कमी को विश्व बाजार में अनाज की कमी और कीमतों में वृद्धि का कारण मानते हैं। दूसरी तरफ, भारत की स्थिति का जायजा लेते हुए सत्येंद्र कहते हैं कि हाल के वर्षों में भारत में अनाज के बजाय कपास और ऐसी दूसरी फसलों की खेती का चलन बढ़ता गया है जिसे बाजार में बेच कर पैसा कमाया जा सके। किसान ऐसी खेती करने के लिए इसलिए मजबूर होते हैं कि अनाज का उन्हें भरपूर दाम नहीं मिलता और अनाज उपजाने वाले किसान गरीबी में दम तोड़ते रहते हैं। यही नहीं भारत में भी अब जैव–ईंधन को बढ़ावा मिल रहा है। बताया जाता है कि सरकार 2017 तक देश की परिवहन ईंधन की कुल जरूरत का दस फीसदी जैव ईंधन से हासिल करना चाहती है और इसके लिए एक करोड़ बीस लाख हेक्टेयर में जैव–ईंधन के काम आने वाली फसलें ही उगाई जाएंगी। सत्येंद्र रंजन इसे एक दुश्चक्र मानते हुए कहते हैं कि दुनिया भर के गरीबों के मुंह से आहार छीनने के हालात पैदा किए जा रहे हैं। गेहूं, चावल, अनाज, दलहन और तिलहन की खेती की जमीन में लगातार होती गिरावट के साक्ष्य में जो आंकड़े वह प्रस्तुत करते हैं, वे चौकाने वाले हैं। वे बताते हैं कि भारत में पिछले वर्ष दो करोड़ बयासी लाख चौदह हजार हेक्टेयर जमीन पर गेहूं की खेती हुई थी, मगर इस साल यह खेती सिर्फ दो करोड़ सहतर लाख अड़तालीस हजार हेक्टेयर जमीन पर हुई है। इसी तरह, मोटे अनाजों की पिछले साल सत्तर लाख सत्तावन हजार हेक्टेयर जमीन पर खेती हुई थी जो कि इस साल घट कर अड़सठ लाख सोलह हजार हेक्टेयर रह गई है। यही हाल दालों और तिलहन का भी है।मेरा मानना है कि इस समस्या के पीछे सत्येंद्र रंजन द्वारा बताए गए कारण तो हैं ही, इसके अतिरिक्त आज दुनिया भर में तीव्र गति से होता विकास भी एक कारण है। विकास के नाम पर शहरों का विस्तार इधर कुछ वर्षों में जिस तेजी से बढ़ा है वह चौकाने वाला है। भारत में दिल्ली, मुम्बई, जयपुर जैसे महानगरों में इस अंधाधुंध विकास को देखा जा सकता है। शहरों ने अपने आसपास के गांवों की खेती योग्य जमीन को बड़ी तेजी से लीला है और लीलने की यह प्रक्रिया अभी भी निरंतर जारी है। जहां पहले हरे भरे लहलहाते खेत हुआ करते थे, वहां मल्टी स्टोरी आवासीय फ्लैट्स, शापिंग माल्स, कारपोरेट दफ्तर आदि नजर आते हैं। किसानों से औने पौने दामों में खरीदी गई जमीनों की कीमतें आकाश को छूने लगी हैं। कृषि उपयोगी जमीनों को अगर इसी प्रकार खत्म करने की प्रक्रिया जारी रही तो निश्चित ही आने वाले समय में खाद्यायन और आहार की समस्या भंयकर रूप ले सकती है। सत्येंद्र रंजन ने अपने आलेख में बहुत गौरतलब बात लिखी है कि “दुनिया चाहे विकास की जिस मंजिल पर पहुंच जाए, खेती उसकी बुनियाद बनी रहेगी। बिना भोजन किए न तो अंतरिक्ष की यात्रा की जा सकती है और न इंटरनेट और सूचना तकनीक के जरिए सारी दुनिया से जुड़े रहने का आनंद लिया जा सकता है।”



हिंदी कहानी


घर बोला
सुदर्शन वशिष्ठ

‘कारो !... कारो!’ किसी ने मुझे पुकारा। बहुत ही आत्मीय संबोधन था। नेह भरा, जो सीधा मेरे अंतर्मन में समा गया। बरसों बाद मुझे किसी ने इस नाम से पुकारा।
‘कारो... ओंकारो...’ मेरा बचपन का संबोधन। पैंतालीस बरस की उम्र में कोई पांच वर्ष नाम से पुकारे...कितना रोमांचक लगता है। एक झुरझुरी-सी फैल गई एड़ी से चोटी तक। आज इतने बरसों बाद कौन मुझे इस नाम से पुकार रहा है। एकाएक पांव ठिठक गए और पलटकर देखा। पीछे दूर तक कोई न था। दुकानों में बैठे इक्का-दुक्का लोग अपनी बातों में व्यस्त थे। अपने ही बाजार में सब अजनबी से दिख रहे थे। आपस में बतियाते हुए। चारों ओर देखने पर भी कोई न दिखा तो अनमना-सा मैं आगे बढ़ गया।
एक चमक जो मन में कौंधी थी, उसी क्षण बुझ गई।
हलवाई की दुकान के साथ एक संकरी गली जाती थी। गली क्या, दो दुकानों की दीवारों के बीच न जाने किस कारण बची हुई जगह थी। इस गली से मैं बाजार आया-जाया करता था। कई बार गली में खड़ा हो जेब से सिक्के निकाल हथेली में टटोलता... कहीं गिर तो नहीं गए। घर जाती बार नमकीन सेमियां मुट्ठी भर मुंह में ठूंस लेता। गली के आगे कोल्हू था, जहां कच्ची घाणी का तेल मिलता था, जिसे मुंह पर मलते ही आंखों में आंसू आ जाते। गली के एक ओर खली और तेल की, दूसरी ओर हलवाई के पकवानों की गंध समाई रहती।
संकरी गली में गुजरते ही मेरे पांव नन्हें हो गए, जिस्म हल्का-फुल्का। मैं हवा में फुदकने लगा। जैसे बाजार से सौदा लेकर कंधे में झोला लटकाए भाग रहा हूँ। घर में माँ का इंतजार में है कि गुड़ आएगा तो चाय बनेगी। पता नहीं, कब मैं किसी के पिछवाड़े, किसी आंगन से होकर कुल्ह पर बनी बांस की पुलिया पार कर गया। पुलिया के नीचे तेजी से बह रही कुल्ह के पानी की ठंडी फुहार के छींटे ही महसूस कर पाया, बस। कुल्ह के उस पार सिलनुमा घिसे पत्थरों पर कोई औरत बर्तन मांज रही थी। उससे आगे चाचा के घर तक जाने-पहचाने चौड़े-चकले पत्थर, जिनमें से किस पर पांव रखना है, किस पर नहीं, चाहे छलांग ही क्यों न लगानी पड़े, यह मैं अभी भी नहीं भूला।
चाचा बाहर बैठे थे, लुकाठ की छाया में। मैंने पैर छुए। ‘आओ... आओ... कब आए, यह है ओ पी भारद्वाज...’ उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए पास बैठे अजनबी से परिचय कराया। ‘भारद्वाज कौन ! मैंने पहचाना नहीं।’ अजनबी की लगभग साठ बरस पुरानी आंखों में और अजनबीपन गहरा गया। ‘भाई, यहां रहते थे ये।’ उन्होंने नीचे की ओर इशारा किया। ‘इन्हीं का था ये सब कुछ।’
चाचा की बांह के इशारे से नीचे नजर गई, तो मन धक् से बैठ गया। ढलती धूप में ढहता हुआ घर उदास खड़ा था एकदम मौन।
‘कारो।’ चाचा ने सुन में कहा। ‘हां, हां... कारो... कारो’ वे सज्जन जब ‘कारो’ नाम लेकर जोर से हंसे तो एकाएक बहुत नज़दीकी लगे। हंसते-हंसते वे पुरानी यादों में खो गए।
‘ओ हो। क्या जमाना था वह भी। भाई, आदमियों से ही होता है सब कुछ घर बार, सब। आप तो अब बाहर ही रहते हैं... बचपन के बाद देखे ही नहीं।’ उन्होंने मेरी ओर प्रश्न भरी निगाहों से देखा। मैंने स्वीकृति में सिर हिलाया।
मैं एकाएक 45 वर्ष का हो गया। पांवों की स्फूर्ति की जगह शिथिलता ने ले ली।
तभी जाना, बचपन फिर से नहीं जिया जा सकता। चाय-पानी के बाद मेरे पांव बरबस ही घर की ओर बढ़ गए।
ऊबड़-खाबड़ आंगन में एक और सिल पड़ी थी। जब इस सिल पर दाल पीसी जाती थी, तो समझ लिया जाता था कि आज या तो त्योहार है या किसी का जन्मदिन। बीच में तुलसी का चबूतरा जिसमें उगी घासफूस सूख गई थी। सावन की अंधेरी रातों में इस तुलसी के झरोखे में रखा दीपक माँ की आस की तरह टिमटिमाता था। ऊपर की ओर भाई ने एक बार नींव डाली थी, जिसके पत्थर यादों की तरह आधे डूबे, आधे उखड़े पड़े थे।
आंगन रंगमंच का नाम है। घर यदि नेपथ्य है, तो आंगन खुला मंच जहाँ दृश्य सबके सामने बेपर्दा होकर आता है। आंगन में सभी पात्र एकदम तैयार होकर निकलते हैं, खुशी में, गमी में।
घर ने मुझे देख जोर से पुकारा।
हमारे घर एक ‘घरप्पण’ गाया होती थी, जिसकी माँ, नानी तक हमारे घर की थी। मुझे दूर से आते देख ही रंभा उठती थी। करीब जाते ही वह अपना गला खुजलाने के लिए मेरी बाहों में डाल देती। ठीक गाय के रंभाने की तरह घर का आर्तनाद सुन मेरे पांव वहीं जम गए।
‘पुराने पेड़ों में जीव पड़ जाता है,’ पिता कहा करते थे। तभी पुराने पेड़ को कोई नहीं काटता। कुछ पेड़ गांव में ऐसे थे, जिनकी उम्र सौ बरस बताया करते थे। न कोई इन्हें बेचने का साहस करता, न कोई खरीदने का। जब कभी ऐसा बूढ़ा पेड़ कोई काटता है या आंधी से गिरता है तो जोर से दर्दनाक आवाज में चीत्कार उठता है। पिता ऐसे किस्से सुनाते थे कि गांव के ठीक बीच का फलां पेड़ जब आंधी में गिरा तो इतनी जोर से चिल्लाया कि पहाडि़यों में उसकी प्रतिध्वनि गूंजती रही कई दिन। उसमें रहने वाले देवता, राक्षस, भूत-प्रेत, बेआसरा होकर कई दिन राह चलते लोगों को तंग करते रहे।
पुराने घर में भी पुराने पेड़ की तरह जीव पड़ जाता है।
आंगन की ऊँची घास में एक चिडि़या फुदक रही थी, वही चिडि़या जो आंगन में आए तो समझा जाता कि घर में कोई नया आने वाला है, चाहे वह बालक हो या बछिया। चिडि़या आहट सुनकर फुर्र से उड़ गई। माँ होती तो कहती, ‘इसे मत उड़ाना, यह बढ़त की निशानी है।’ फाख्ता का एक जोड़ा अंदर चोग चुग्ग चुग रहा था, ठीक बीच में कमरे में नि:शंक भाव से।
‘घर के अंदर बुरे होते हैं ये जंगली पखेरू... उड़ा इन्हें।’ माँ की आवाज गूंजी। मैंने यंत्रवत् एक कंकर उठाकर जोर से उधर फेंका। फड़फड़ाकर फाख्ता उड़ गई। चचेरा भाई दौड़ा आया। शायद वह मुझे देख रहा था।
‘सांप तो नहीं था ? यहाँ एक रहता है आजकल।’ भाई ने दूर से देखकर कहा।
‘सांप!’ मैं चौंका, ‘नहीं-नहीं, फाख्ता थी।’
‘फाख्ता !’ वह मुझे हैरानी से देखने लगा।
‘रसोई यहीं थी न,’ मैंने कंकर मारने की झेंप मिटाने के लिए कहा। ‘रसोई, न-न, यहाँ नहीं थी, वह तो अगले कमरे में थी जो गिर गया है। यह जो है उसकी दीवार।’ मैं रसोई वाली जगह से थोड़ी दूर बैठ गया। सच ही रसोई की थोड़ी सी दीवार बची थी, जहाँ पर धुएं के निकास के लिए सुराख बना था।
ढहा हुआ घर सजीव और साकार हो गया। एकदम जिंदा। किसी बुजुर्ग की आत्मा की तरह वह मुझे बोल उठा।
रसोई में माँ के चूल्हे पर चढ़ी सब्जी की भीनी-भीनी गंध फैल रही है, चहुं ओर। न जाने कैसे, माँ चाहे उबालकर ही बनाए, हर चीज़ का अपना ही स्वाद होता है। चूल्हे में जली आग पता नहीं कितनी पीढि़यों से चली आ रही है, पता नहीं वही आदिम आग है, जो कभी अकेला बुजुर्ग यहाँ बसने के साथ अपने साथ लाया था। उपले की राख में छिपी आग हर रात के बाद सुबह ताजा होकर निकलती है। हर रात चूल्हे में उपले दबाती हुइ माँ कहती है– ‘आग मांगी नहीं जाती पगले।’ यह घर की बरकत होती है। यही आग अच्छे और बुरे काम में इस्तेमाल होती है।
पिता हुक्का गुड़गुड़ा रहे हैं, साथ के कमरे में। भाई-बहन कभी अंदर कभी आंगन में भाग रहे हैं। जब ज्यादा हल्ला मचाते हैं तो पिता हुक्के से मुंह हटाकर हुंकार भरते हैं। और हम सब रसोई में दुबक जाते हैं।
‘जिनके घर नहीं होते, वे कहाँ रहते हैं भैया।’ भाई के इस अबोध प्रश्न ने मेरी तंद्रा भंग कर दी। एक खालीपन मुझे लील गया। सच, कहाँ रहेंगे वे, जिनके घर ढहते हैं। घर कवच है जो मर्मस्थलों की रक्षा करता है। सच, घर अपने शरीर की तरह है। बहुत ही अपना, बहुत ही आत्मीय। एकदम निजी। घर एक जानी-पहचानी जगह स्थिर होता है। जाना-पहचाना आंगन, पहचाना पिछवाड़ा, बाग-बागीचा, वहाँ घुप्प अंधेरे में भी सुई तक ढूंढी जा सकती है।
यह घर भी वैसा ही था। अनुराग भरा, एकदम अपना। बैठक में पिता का तख्तपोश, उनके बैठने से घिसी दीवार, जिसके सहारे हर सफलता-असफलता के बाद पिता लेट जाते। कौन-सी खिड़की से कौन-सा दृश्य दिखेगा, कहाँ रिमझिम बारिश आंगन में कुकुरमुत्ते की तरह बरसेगी, कहाँ हवा से लहराते आम के बौर दिखेंगे, कहाँ से लहराते बांस... सब जाना पहचाना।
घर बनता है बड़े चाव से, बड़े अरमान से। बुजुर्गों के मन का नक्शा घर में साकार होता है।
वे बहुत बदनसीब होते हैं, जिनके घर ढहते हैं।
बरसात की शाम थी वह। गड़गड़ाहट के साथ दीवार गिरी थी। पिता हुक्का गुड़गुड़ाते हुए हुक्का हाथ में ही उठाए बाहर आ गए थे। कच्ची ईंटों की धूल उनकी बैठक में भर गई। उनके चेहरे पर विवशता, घबराहट और मायूसी एक साथ उभर आई। पहले कमरे की पहली दीवार गिरी थी, उस बरसात में। उस समय भाई बाहर नौकरी में थे। मैं केवल मूक दर्शक था। इस दीवार के गिरने के बाद भी घर बरसों टिका रहा। बुजु़र्गों में एक सत होता है। शायद उसी सत के सहारे घर एकदम नहीं गिरा, किन्तु ढहता रहा निरंतर। बहनें ब्याही गईं। पहले भाई ने घर छोड़ा, फिर मेरी नौकरी लग गई। पिता गए। माँ कुछ दिन अकेली घिसटती रही। घर ढहता रहा निरंतर... घर तो परिजनों से ही होता है न। दीवारें, ईंट, गारा तो घर नहीं होता।
अंत में चाचा का पत्र आया– ‘भाई तुम्हारा तो दिल्ली बस गया है। तुम अभी नजदीक हो, इसलिए तुम्हें ही लिख रहा हूँ। घर बिलकुल ढह गया है।’ पत्र पढ़ने पर एक दर्दनाक चीख गूंज गई, जो मेरे मन-मस्तिष्क को बेंधती गई।
घर का ढहना एक भयानक और कंपा देने वाली घटना होती है। बहुत आवाज करता है घर ढहती बार। जैसे भूचाल की स्थिति आ जाती है। और भूचाल आए बिना घर का ढहना और यंत्रणादायक हो जाता है, इसकी गूंज दूर-दूर तक फैलती जाती है।
रसोई की बची हुई दीवार में दो छेद बन गए थे। एक छेद जो पहले का था, जहाँ से धुआं निकलता था। उस छेद से कभी-कभी माँ आंगन में आने की आहट सुनकर देखने का प्रयास करती थी। दो छेद देख लग रहा था, माँ की दो आँखें अब भी देख रही हैं, आंगन में आहट जो हुई है। घर ढहती बार माँ ने कहा होगा– ‘घर ! तू यहाँ से मत ढहना। मेरी आँखों के लिए जगह रखना। मेरे छोटे बेटे ने मेरे पास आना है, जो मुझे बहुत प्यारा है। खाना पकाती बार शाम के समय आंगन में आहट होगी तो मैं उसे यहाँ से देखूंगी। वह चुपचाप बिना आवाज किए आता है। फिर भी उसकी आहट से तो मैं पहचान ही जाती हूँ।’
चाचा के घर रात को ठीक से नींद नहीं आई। रात भर गिरते हुए बूढ़े आदमी के सहारे के लिए फैलाईं बाहें दिखती रहीं। जैसे जमीन फट गई हो और कोई उसमें धंसता जा रहा हो। बुजु़र्ग सहारे के लिए पुकार रहा हो, ‘मुझे बचा लो ! मुझे बचा लो ! मेरी बाहों की ताकल निचुड़ गई है।’
गहराती रात में अंधेरे में डूबते जहाज-सा घर बाहें फैलाए ढहता हुआ दिखता रहा। सुबह मुंह अंधेरे ही में, मैं वापस आने लगा तो चाचा ने कहा, ‘यहीं रहना था, आज तुम्हारा भाई बता रहा था, तू वहाँ रो रहा था। बड़ी बेदण आ रही थी... जिस माटी में बढ़े हैं बच्चे, उसका मोह तो होगा ही। अब क्या करना, ऐसा ही है संसार।’ उन्होंने उच्छ्वास लिया।
जब मैंने चलने से पहले पैर छुए तो उन्होंने कहा, ‘हाँ, यदि तुम्हारा यहाँ बसने का इरादा न हो, तो बता देना। जमीन बेचनी हो तो पहले हमें ही पूछना भाई।’
चलती बार बाहर से मैंने नीचे देखा, घर अभी अंधेरे में डूबा हुआ था।
00

जन्म:24 सितम्बर 1949, गांव –अरला, पालमपुर तहसील(हिमाचल प्रदेश)
शिक्षा:एम ए (हिंदी), हिमाचल विश्वविद्यालय।
कृतियाँ :सात कहानी संग्रह, दो उपन्यास, दो काव्य संकलन, दो नाटक, दो शोध प्रबंध, चार यात्रा वृतांत। इसके अतिरिक्त, चार कहानी संकलन, दो काव्य संकलनों का संपादन। सोमसी, हिमभारती आदि सरकारी पत्रिकाओं का संपादन।
संप्रति–हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के सचिव।
दूरभाष–09418085595



ग़ज़लें- द्विजेन्द्र ‘द्विज’

(1)



ख़ुद तो ग़मों के ही रहे हैं आस्माँ पहाड़
लेकिन ज़मीन पर हैं बहुत मेह्र्बाँ पहाड़

हैं तो बुलन्द हौसलों के तर्जुमाँ पहाड़
पर बेबसी के भी बने हैं कारवाँ पहाड़

थी मौसमों की मार तो बेशक बडी शदीद
अब तक बने रहे हैं मगर सख़्त-जाँ पहाड़

सीने सुलग के हो रहे होंगे धुआँ-धुआँ
ज्वालामुखी तभी तो हुए बेज़बाँ पहाड़

पत्थर-सलेट में लुटा कर अस्थियाँ तमाम
मानो दधीचि-से खड़े हों जिस्मो-जाँ पहाड़

नदियों,सरोवरों का भी होता कहाँ वजूद
देते न बादलों को जो तर्ज़े-बयाँ पहाड़

वह तो रहेगा खोद कर उनकी जड़ें तमाम
बेशक रहे हैं आदमी के सायबाँ पहाड़

सीनों से इनके बिजलियाँ,सड़कें गुज़र गईं
वन,जीव,जन्तु,बर्फ़,हवा,अब कहाँ पहाड़

कचरा,कबाड़,प्लास्टिक उपहार में मिले
सैलानियों के ‘द्विज’, हुए हैं मेज़बाँ पहाड़

(2)


ख़ुद भले ही झेली हो त्रासदी पहाड़ों ने
बस्तियों को दे दी है हर ख़ुशी पहाड़ों ने

ख़ुद तो जी हमेशा ही तिश्नगी पहाड़ों ने
सागरों को दी लेकिन हर नदी पहाड़ों ने

आदमी को बख़्शी है ज़िन्दगी पहाड़ों ने
आदमी से पाई है बेबसी पहाड़ों ने

हर क़दम निभाई है दोस्ती पहाड़ों ने
हर क़दम पे पाई है बेरुख़ी पहाड़ों ने

मौसमों से टकरा कर हर क़दम पे दी सबके
जीने के इरादों को पुख़्तगी पहाड़ों ने

देख हौसला इनका और शक्ति सहने की
टूट कर बिखर के भी उफ़ न की पहाड़ों ने

नीलकंठ शैली में विष स्वयं पिए सारे
पर हवा को बख़्शी है ताज़गी पहाड़ों ने

रोक रास्ता उनका हाल जब कभी पूछा
बादलों को दे दी है नग़्मगी पहाड़ों ने

लुट-लुटा के हँसने का योगियों के दर्शन-सा
हर पयाम भेजा है दायिमी पहाड़ों ने

सबको देते आए हैं नेमतें अज़ल से ये
‘द्विज’ को भी सिखाई है शायरी पहाड़ों ने.


(3)



पर्वतों जैसी व्यथाएँ हैं
‘पत्थरों’ से प्रार्थनाएँ हैं

मूक जब संवेदनाएँ हैं
सामने संभावनाएँ हैं

रास्तों पर ठीक शब्दों के
दनदनाती वर्जनाएँ हैं

साज़िशें हैं ‘सूर्य’ हरने की
ये जो ‘तम’ से प्रार्थनाएँ हैं

हो रहा है सूर्य का स्वागत
आंधियों की सूचनाएँ हैं

घूमते हैं घाटियों में हम
और कांधों पर ‘गुफ़ाएँ’ हैं

आदमी के रक्त पर पलतीं
आज भी आदिम प्रथाएँ हैं

फूल हैं हाथों में लोगों के
पर दिलों में बद्दुआएँ हैं

स्वार्थों के रास्ते चल कर
डगमगाती आस्थाएँ हैं

ये मनोरंजन नहीं करतीं
क्योंकि ये ग़ज़लें व्यथाएँ हैं

छोड़िए भी… फिर कभी सुनना
ये बहुत लम्बी कथाएँ हैं.
0


नाम: द्विजेन्द्र ‘द्विज’
जन्म: 10 अक्तूबर,1962.
शिक्षा: हिमाचल प्रदेश विश्व विद्यालय के सेन्टर फ़ार पोस्ट्ग्रेजुएट स्ट्डीज़,धर्मशाला से
अँग्रेज़ी साहित्य में सनातकोत्तर डिग्री
प्रकाशन: जन-गण-मन(ग़ज़ल संग्रह)प्रकाशन वर्ष-२००३
कई संपादित संकलनों में ग़ज़लें संकलित।

सम्प्रति: प्राध्यापक:अँग्रेज़ी,ग़ज़लकार, समीक्षक
ई-मेल : dwij.ghazal@gmail.com
दूरभाष : 094184-65008



व्यंग्य


जुर्माना यानी जुर्म का आना

अविनाश वाचस्पति

आजकल देश में जुर्माना लगाने पर ज्यादा जोर है, वसूलने के संबंध में ले देकर भी काम चला लिया जाता है। यह उस समय की स्थिति पर निर्भर करता है। देश को विकास की ओर खींचने में अर्थव्यवस्था की महती भूमिका से कोई अर्थशास्त्री पल्ला नहीं झाड़ सकता है और हमारे देश की इस अर्थ की व्यवस्था के विकास के लिए जुर्माने से बढ़कर कोई विकल्प है ही नहीं। ट्रैफिक नियमों के तोड़ने या उनकी अनदेखी करने पर जो चाल आन की जाती थी, अब उस चाल का दायरा बढ़ाकर पैदलों पर भी आन कर दिया गया है। बल्कि बाकायदा उसे अमली जामा पहना दिया गया है। दिलवालों की दिल्ली में रोज पैदलों से वसूल किया जा रहा जुर्माना इसकी मजबूत मिसाल है। हम जब गाड़ी चलाते हैं तब भी नियमों का कहां ध्यान रखते हैं, जो पैदल चलने पर रखेंगे।

वैसे जुर्माना में भी जुर्म का आना ही छिपा है। आप जुर्म किए जाओ, हम आकर चाल आन कर देंगे यानी चालान। वैसे मेरा यह मानना है कि पहले सख्ती साइकिल चालकों के साथ की जानी चाहिए थी, फिर पैदलों का नंबर आना था। परंतु राष्ट्रमंडलीय खेलों की वजह से साइकिल चालकों को इग्नोर कर पैदलों का नंबर पहले आ गया। जबकि आप हर चौराहे, सड़क पर देख सकते हैं कि साइकिल चालक कितने धड़ल्ले से ट्रैफिक सिग्नलों का उल्लंघन किए जा रहे हैं। वे लाल बत्ती होने पर तो जरूर सड़क क्रास करते हैं।

इससे यह भी जाहिर होता है कि सरकार को साइकिल वालों से ज्यादा चिंता पैदल चलने वालों की है। उनमें भविष्य के गाड़ी स्वामी और चालक होने की संभावनाएं छिपी हुई हैं जबकि साइकिल स्वामी चालकों के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं है। पैदल चलने वाला एक दिन जुर्माने से तंग आकर भी गाड़ी ले सकता है। अब टाटा की लखटकिया नैनो कार के नयन दीदार होने से इसकी बलवती इच्छाएं पैदलों के मन में कुलांचे मारने लगी है। साइकिल वाला अपने ऐसे वाहन को किसी भी सूरत में नहीं बदलेगा जिसका न तो चालान होता है और न इंधन ही खरीद कर खर्च करना पड़ता है तथा ट्रैफिक में मनमानी करने की भी भरपूर आजादी है। जब तक साइकिल न चलाई जाए तब तक इन फायदों का कहां पता चलता है, वो तो मैं बतला रहा हूं जबकि यह सीक्रेट है। फिर जब चाहे साइकिल हजार रुपये में खरीद लाओ। इसके साथ हेलमेट पहनने, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का भी झंझट नहीं है।

अभी तो सरकार पैदल चलने वालों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने पर विचार कर रही है। अरे नहीं, उनकी जान की परवाह नहीं है, वो तो जुर्माना लगाने के लिए यह प्रावधान किया जा रहा है। अब यह बतलाने की जरूरत नहीं है कि हेलमेट पहनना कानूनन अनिवार्य करने से उसके न पहनने पर पैदलों से जुर्माना तो वसूला ही जा सकता है। जब इंसान अपना भार ढो सकता है तो दो-ढाई किलो का हेलमेट का भार सहने में क्या दिक्कत है ? वैसे पैदल चलने वालों से एकमुश्त रोड टैक्स वसूलने की योजना भी विचाराधीन है, यह अंदर की खबर है। आप पूछेंगे कि बाहर कैसे आई, अब पैदल तो चलकर नहीं आई है, वरना इस पर भी जुर्माना लग ही जाता।

सरकार आय पर कर से छूट दे रही है। इसके लिए अनेक नेक विकल्प मौजूद हैं। आप पीपीएफ, जीपीएफ, सेंविग बांड, इंश्योरेंस प्लान इत्यादि में अपनी आय का निवेश करके जो छूट प्राप्त कर रहे हैं, अब उसमें जुर्माने की राशि की रसीद पेश करने पर सौ प्रतिशत की दर से छूट मिलेगी। सरकार को यह लाभ होगा कि जुर्माने में वसूला गया पैसा वापस नहीं देना होगा। जबकि अन्य किसी भी योजना में लिया गया पैसा न जाने कितना गुना करके लौटाने की बाध्यता होती है। आप देखेंगे कि आयकर बचाने के लिए जुर्माना कराने के लिए जनवरी से मार्च माह में हर साल तेजी देखने को मिलेगी। जितनी पिछले नौ माह में नहीं वसूली गई उससे अधिक तीन माह में वसूली जाएगी। जुर्माना करने वालों के पास भीड़ मिलेगी, हर जुर्माना करने वाला व्यस्त और त्रस्त मिलेगा। त्रस्त इसलिए कि रसीद सबको चाहिए होगी और उसे वो बनानी होगी। फिर रसीद जल्दी बनवाने के लिए रिश्वत का प्रचलन शुरू हो सकता है। इसलिए चालान काटने वाले घबराएं मत, उनकी ऊपर की आय कम तो हो सकती है पर बिल्कुल बंद नहीं।

खबर आपने भी पढ़ी होगी कि गंदगी फैलाने पर जुर्माना होगा। गंदगी फैलाने में तो हम माहिर हैं। अपनी बालकनी पर खड़े होकर मूंगफली छील-छील कर खा जाते हैं और छिलके नीचे फेंक देते हैं। आजकल तो मूंगफली छील कर खाने और उसके छिलके यहां वहां फेंक कर जाने वाले बिना ढूंढे हजार मिल जाएंगे। बस में, रेल में, प्लेटफार्म पर, आफिस में, बालकनी में, पैदल चलते हुए भी। गंदगी फैलाने पर जो जुर्माना किया जाएगा उसमें सबसे अधिक वसूली तो इसी मद में की जा सकेगी। इसके अलावा अपने घर की पिछली गली में घर का कूड़ा फेंका जाता है। जब पूछा जाए तो सब यही कहते हैं कि हमने नहीं फेंका। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों को लगाने की जरूरत होगी। जिससे इन गंदगी फैलाने वाले चतुर सुजानों को पकड़ धकड़ कर जुर्माना वसूला जा सकेगा। पर उनका क्या होगा जो चलती कार से कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें, केले के छिलके सरेआम सड़क पर फेंक देते हैं। इनके चालान करने के लिए भी पुख्ता इंतजामात करने की दरकार है। इसके लिए हर कार के साथ एक सीसीटीवी कैमरा लगाना कानूनन अनिवार्य कर दिया जाए, जिसकी मॉनीटरिंग ट्रैफिक पुलिस को कहीं पर भी गाड़ी रुकवा कर करने के अधिकार सौंपे जा सकते हैं।
जुर्माने की राष्ट्र के विकास में महती भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता। जब सरकार कर वसूलना चाहती है तो बहुत सारे विशेषज्ञ जुट जाते हैं उससे बचाने के रास्ते तलाशने में और उन्हें बता-बता कर फीस वसूलते हैं। पर अभी तक एक भी ऐसा मामला प्रकाश में नहीं आया है कि किसी विशेषज्ञ ने जुर्माने से बचने की तरकीबें बताई हों। बल्कि जब वे भी पैदल चलते हैं तो संभलकर चलते हैं।

अविनाश वाचस्पति
साहित्यकार सदन,
195, सन्त नगर,
नयी दिल्ली 110065
दूरभाष : 09868166586
ई मेल : avinashvachaspati@gmail.com


भाषांतर
धारावाहिक रूसी उपन्यास(किस्त-3)

हाजी मुराद
लियो तोलस्तोय
हिन्दी अनुवाद : रूपसिंह चंदेल

॥ तीन ॥

बैरकों की खिड़कियों और सैनिकों के कुटीरों में रोशनी बहुत पहले बुझ चुकी थी, लेकिन छावनी के भव्य-भवन की सभी खिड़कियाँ रौशन थीं। यह कुरियन रेजीमेण्ट के कर्नल प्रिन्स माइकल साइमन वोरेन्त्सोव का घर था, जो राज दरबार के एक उच्च अधिकारी और कमाण्डर-इन-चीफ का पुत्र था। वोरोन्त्सोव इस घर में अपनी पत्नी मेरी वसीलीव्ना के साथ रहता था, जो पीटर्सबर्ग की एक सुन्दरी थी। उसके रहन-सहन में एक प्रकार की ऐसी विशिष्टता थी जो काकेशस के इस छोटी छावनी वाले कस्बे में पहले कभी नहीं देखा गया था। वारोन्त्सोव और उसकी पत्नी सोचते कि वे अभावों से भरपूर बहुत साधारण जीवन जी रहे थे, फिर भी स्थानीय निवासी उनके असाधारण विलासितापूर्ण रहन-सहन से विस्मित थे।
आधी रात का समय था। वोरोन्त्सोव अपने विशाल ड्राइंग रूम में, जिसमें कालीन बिछा हुआ था और लंबे भारी परदे पड़े हुए थे, अतिथियों के साथ मेज पर ताश खेल रहा था, जिस पर चार मोमबत्तियाँ जल रही थीं। खिलाडि़यों में एक स्वयं कर्नल वारोन्त्सोव था। उसका चेहरा लंबा, बाल सुन्दर थे और उसने राज्याधिकारी होने के चिन्ह धारण कर रखे थे। उसका साथी पीटर्सबर्ग विश्वविद्यालय का एक स्नातक था, जिसे प्रिन्सेज ने अपने पहले पति से उत्पन्न पुत्र के ट्यूटर के रूप में नियुक्त किया हुआ था। वह उदास भावाकृतिवाला एक सांवला नौजवान था। दो अधिकारी उनके विरुद्ध खेल रहे थे। उनमें से एक चौड़े गाल, गुलाबी चेहरे वाला कम्पनी कमाण्डर पोल्तोरत्स्की था, जो गारद सेना से स्थानांतरित होकर आया था और दूसरा रेजीमंण्टल एडजूटेण्ट था, जो अपने सुन्दर चेहरे पर ठण्डी भावाकृति लिए सीधा तना हुआ बैठा था। बड़ी आंखों और काली भौंहोवाली सुन्दर महिला प्रिन्सेज मेरी वसीलीव्ना, पोल्तोरत्स्की के बगल में बैठी थी और उसके पैरों को अपने पेटीकोट से छू रही थी और उसके हाथों की ओर देख रही थी। उसके बोलने, उसके देखने और मुस्कराने, उसक शरीर के संचलन और उसके द्वारा प्रयोग किये गये परफ्यूम, से सम्मोहित पोल्तोरत्स्की उसका सान्निध्य पाने के अतिरिक्त सब ओर से बेखबर था। उसने एक के बाद दूसरी गलती की थी और इससे उसका साथी भड़क उठा था।
‘‘नहीं यह तो हद है ! तुमने दूसरा इक्का बरबाद कर दिया।” लाल-पीला होता हुआ एड्जूटेण्ट बोला, क्योंकि पोल्तोरत्स्की एक इक्का फेक चुका था।
पोल्तोरत्स्की ने अपनी सौम्य बड़ी काली आंखों से क्रुद्ध एड्जूटेण्ट की ओर न समझने वाले भाव से ऐसे देखा मानो वह अभी-अभी सोकर उठा था।
‘‘अच्छा, उसे क्षमा कर दें।” मुस्कराती हुर्ह मेरी वसीलीव्ना ने कहा। “मैनें तुमको इतना बताया था,” उसने पोल्तोरत्स्की से कहा। ‘‘लेकिन तुमने मुझे सब गलत बताया था।” पोल्तोरत्स्की ने मुस्कराते हुए कहा ।
‘‘सच ?” वह बोली, और मुस्कराई भी। पोल्तोरत्स्की इस मुस्कराहट से इतना उत्तेजित और प्रसन्न हुआ कि वह शर्म से लाल हो उठा और उत्तेजित-सा पत्ते फेटने लगा ।
‘‘तुम्हारे पत्ते नहीं।” एड्जूटेण्ट कठोरतापूर्वक बोला और अपने गोरे हाथों को घुमाते हुए पत्ते फेटने लगा मानो वह उनसे यथाशीघ्र मुक्ति पा लेना चाहता था।
एक नौकर ड्राइंगरूम में प्रविष्ट हुआ और बोला कि ड्यूटी अफसर ने प्रिन्स से भेंट करने का अनुरोध किया है।
‘‘सज्जनों, क्षमा करें,” अंग्रेजी लहजे में प्रिन्स ने रशियन में कहा, ‘‘मेरी तुम मेरा स्थान ग्रहण कर लो।”
‘‘मैं ?” फुर्ती से पूरी तरह खड़ी होती हुई प्रिन्सेज ने पूछा। उसके सिल्क के कपड़ों में सरसराहट हुई और एक प्रसन्न महिला की भाँति उल्लसित होती हुई वह मुस्काराई।
‘‘मैं सदैव हर बात के लिए तैयार रहता हूँ,” एड्जूटेण्ट बोला। अपने विरुद्ध प्रिन्सेज के खेलने से वह बहुत प्रसन्न था, क्योंकि प्रिन्सेज को खेलने का बिल्कुल ज्ञान नहीं था। पोल्तोरत्स्की ने सहजता से बाहें फैलायीं और मुस्कराया।
प्रिन्स जब ड्राइंग रूम में वापस लौटा खेल समाप्त हो रहा था। वह बहुत उत्तेजित और प्रसन्न था।
‘‘सोचो, मैं क्या सूचित करने वाला हूँ।”
‘‘क्या ?”
‘‘आओ हम शैम्पेन पियें।”
‘‘मैं सदैव तैयार रहता हूँ ,” पोल्तोरत्स्की ने कहा।
‘‘हां, कितना सुखद ,” एड्जूटेण्ट बोला।
‘‘वसीली ! हम लोगों को शैम्पेन सर्व करो !” प्रिन्स ने कहा।
‘‘ तुम्हें क्यों बुलाया था?” मेरी वसीलीव्ना ने पूछा।
‘‘ड्यूटी अफसर एक दूसरे आदमी के साथ आया था?”
‘‘कौन? क्यों?” मेरे वीसीलीव्ना ने उत्सुकतापूर्वक पूछा।
‘‘मैं नहीं बता सकता,” वारोन्त्सोव बोला।
‘‘तुम नहीं बता सकते,” मेरी वसीलीव्ना ने दोहराया, ‘‘हम उस पर विचार कर लेगें।”
शैम्पेन सर्व की गई। अतिथियों ने एक-एक गिलास पिया, खेल समाप्त किया, व्यवस्थित हुए और जाने लगे।
‘‘आपकी कम्पनी को कल जंगल के लिए तैनात किया गया है, क्या नहीं? ” प्रिन्स ने पोल्तोरत्स्की से पूछा।
‘‘हाँ, मेरी ... वहाँ कुछ खास है ?”
‘‘तब मैं आपसे कल मिलूंगा।” प्रिन्स ने फीकी मुस्कान के साथ कहा।
‘‘मैं गौरवान्वित हूँ,” मेरी वसीलीव्ना से हाथ मिलाने के विचार के संभ्रम में पोल्तोरत्स्की प्रिन्स के शब्दों को पूरी तरह ग्रहण नहीं कर पाया था।
मेरी वसीलीव्ना ने, प्राय: की भाँति, उसके हाथ को न केवल दृढ़ता से दबाया बल्कि जोरदार ढंग से हिलाया भी। उसने उसे एक बार पुन: उस समय की त्रुटि की याद दिलाई जब वह क्लबों का संचालन किया करता था। वह उस पर मुस्कराई।
‘‘एक मोहक, उत्तेजक और अर्थपूर्ण मुस्कान,” पोल्तोरत्स्की ने सोचा। वह ऐसी उल्लासपूर्ण मनस्थिति में घर गया, जिसे समाज में उसकी तरह पढ़े-लिखे, उसी की भाँति जन्मे और पले-बढ़े लोग ही समझ सकते थे जो उसी की तरह महीनों के एकाकी सैनिक जीवन के बाद अचानक अपनी किसी पूर्व परिचित महिला से मिलते हैं। और प्रिन्सेज वोरोन्त्सोव एक विशिष्ट महिला थीं।
जब वह अपने निवास पर पहुँचा उसने दरवाजे को धक्का दिया, लेकिन चिटखनी अंदर से बंद थी। उसने खटखटाया, लेकिन वह बंद ही रहा। उसका धैर्य चुक गया और उसने बूट और तलवार दरवाजे पर मारना शुरू कर दिया। अंदर पदचाप सुनाई पड़ी और पोल्तोरत्स्की के नौकर ववीला ने चिटकनी खोली।
‘‘ मूर्ख, तुमने बंद क्यों किया था ?”
‘‘लेकिन सच, अलेक्सिस व्लादीमीर …।”
‘‘दोबारा पी ? मैं तुझे सबक सिखा दूँगा …।”
पोल्तोरत्स्की ववीला को लगभग मारने ही वाला था, लेकिन फिर उसने उसे सुधारने की सोचा।
‘‘तुझे लानत है, सुधरने की कभी मत सोचना। चल, मोमबत्ती जला।”
‘‘इसी क्षण।”
ववीला बुरी तरह पिये हुए था। वह क्वार्टर मास्टर के जन्म दिन के आयोजन में शामिल हुआ था। जब वह घर लौटकर आया, वह अपने जीवन की तुलना क्वार्टर मास्टर इवान मैथ्यू के जीवन से करने लगा। इवान मैथ्यू की निश्चित आय थी, वह विवाहित था और आशा करता था कि एक वर्ष में पैसे देकर वह अपने को सेना से मुक्त कर लेगा। ववीला छोटी आयु में ही नौकरी में आ गया था, और इस समय वह चालीस से ऊपर था, अविवाहित था और अपने अनियंत्रित स्वामी के साथ यौद्धिक जीवन जीता आ रहा था। वह एक अच्छा मालिक था और कभी-कभी ही उसे पीटता था, लेकिन यह भी कोई ज़िन्दगी थी ! ‘‘जब वह काकेशस से लौटा था तब उसने मुझे स्वतंत्र करने का वायदा किया था, लेकिन मैं अपनी स्वतंत्रता का करूंगा क्या ? यह एक कुत्ते जैसी ज़िन्दगी है,” ववीला ने सोचा था। वह इतना उनींदा था कि उसने इस भय से दरवाजा बंद कर लिया था और सो गया था कि कोई घर में घुस आ सकता था और कुछ भी चोरी कर सकता था।
पोल्तोरत्स्की उस कमरे में प्रविष्ट हुआ जहाँ वह अपने साथी तिखोनोव के साथ सोता था।
‘‘अच्छा, तुम हार गये ?” उनींदे स्वर में तिखोनोव बोला।
‘‘भगवन, नहीं ! मैनें सत्तरह रूबल जीते और हमने एक बोतल क्लिकोट पी।”
‘‘और मेरी वसीलीव्ना को देखते रहे ?”
‘‘और मेरी वसीलीव्ना को देखता रहा ।” पोल्तोरत्स्की ने दोहराया।
‘‘जल्दी ही हमारे जागने का समय हो जाएगा।” तिखोनोव ने कहा, ‘‘हमें छ: बजे चल देने के लिए उठना है।”
‘‘ववीला,” पोल्तोरत्स्की चीखा, ‘‘ध्यान रहे, मुझे ठीक पाँच बजे जगा देना।”
‘‘मैं कैसे जगा सकता हूँ जब आप मुझसे झगड़ते हैं ?”
‘‘मैं कहता हूँ, मुझे जगा देना। सुना तुमने?”
‘‘बहुत अच्छा।”
ववीला अपने मालिक के जूते और कपड़े लेकर बाहर निकल गया।
पोल्तोरत्स्की बिस्तर पर गया और एक सिगरेट जलायी। उसने बत्ती बुझायी और मुस्कराया। अंधेरे में उसने मेरी वसीलीव्ना का मुस्कराता चेहरा अपने सामने देखा।
वोरोन्त्सोव दम्पति तुरंत बिस्तर पर नहीं गया था। जब अतिथि चले गये थे तब मेरी वसीलीव्ना अपने पति के पास आयी थी और चेहरे पर कठोरता ओढे़ उसके सामने खड़ी हो गयी थी।
‘‘हाँ, तुम्हे मुझे बाताना ही है ?”
‘‘लेकिन मेरी प्यारी … ।”
‘‘तुम मुझे ‘मेरी प्यारी’ मत कहो। वह एक दूत है, क्या नहीं है ?”
‘‘सच, मैं तुम्हें नहीं बता सकता।”
‘‘तुम नहीं बता सकते ? तब वह मैं तुम्हें बताऊंगी।”
‘‘तुम ?”
‘‘वह हाजी मुराद है ? क्या वह नहीं है ?” प्रिन्सेज ने कहा, जिसने कुछ दिन पहले हाजी मुराद के साथ हुए समझौते के विषय में सुना था। उसने अनुमान लगाया था कि हाजी मुराद स्वयं उसके पति से मिलने आया था।
वोरोन्त्सोव इससे इंकार नहीं कर सका, लेकिन हाजी मुराद की उपस्थिति के विषय में पत्नी का भ्रम निवारण करते हुए उसने कहा, कि वह केवल एक दूत था जिसने उसे बताया था कि अगले दिन हाजी मुराद उससे वहाँ मिलेगा जहाँ जंगल काटा जा रहा था।
छावनी के उकताहटपूर्ण जीवन-चर्या में युवा वोरोन्त्सोव दम्पति इस उत्तेजनापूर्ण समाचार से प्रसन्न थे। वे इस विषय में बातें करते रहे कि इस समाचार से उसके पिता कितना प्रसन्न होंगे। और जब वे सोने के लिए बिस्तर पर गये रात के दो बज चुके थे।

(क्रमश: जारी…)

अनुवादक संपर्क:
बी-3/230, सादतपुर विस्तार
दिल्ली-110 094
दूरभाष : 011-22965341
09810830957(मोबाइल)
ई-मेल : roopchandel@gmail.com


गतिविधियाँ


नासिरा शर्मा लंदन के हाउस
ऑफ लॉर्ड्स में कथा (यू.के.) सम्‍मान प्राप्‍त करेंगी

कथा (यू के) के मुख्य सचिव एवं प्रतिष्ठित कथाकार श्री तेजेन्द्र शर्मा ने लंदन से सूचित किया है कि वर्ष 2007 के लिए अंतर्राष्ट्रीय इंदु शर्मा कथा सम्मान वरिष्ठ उपन्‍यासकार श्रीमती नासिरा शर्मा को सामयिक प्रकाशन से 2005 में प्रकाशित उपन्यास कुइयांजान पर देने का निर्णय लिया गया है। इस सम्मान के अन्तर्गत दिल्ली - लंदन - दिल्ली का आने जाने का हवाई यात्रा का टिकट (एअर इंडिया द्वारा प्रायोजित) एअरपोर्ट टैक्स़, इंगलैंड के लिए वीसा शुल्क़, एक शील्ड, शॉल, लंदन में एक सप्ताह तक रहने की सुविधा तथा लंदन के खास खास दर्शनीय स्थलों का भ्रमण आदि शामिल होंगे। यह सम्मान श्रीमती नासिरा शर्मा को लंदन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में 27 जुलाई 2008 की शाम को एक भव्य आयोजन में प्रदान किया जायेगा।
इंदु शर्मा मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना संभावनाशील कथा लेखिका एवं कवयित्री इंदु शर्मा की स्मृति में की गयी थी। इंदु शर्मा का कैंसर से लड़ते हुए अल्प आयु में ही निधन हो गया था। अब तक यह प्रतिष्ठित सम्मान सुश्री चित्रा मुद्गल, सर्वश्री संजीव, ज्ञान चतुर्वेदी, एस आर हरनोट, विभूति नारायण राय, प्रमोद कुमार तिवारी, असग़र वजाहत और महुआ माजी को प्रदान किया जा चुका है।
श्रीमती नासिरा शर्मा का जन्म 1948 में इलाहबाद में हुआ। उन्होंने फ़ारसी में एम.ए. की डिग्री हासिल की। उनकी प्रकाशित कृतियों में शामिल हैं सात नदियां एक समन्दर, शाल्मली, ठीकरे की मंगनी, ज़िन्दा मुहावरे (सभी उपन्यास), एवं शामी काग़ज़, पत्थर गली, संगसार, इब्ने मरियम, सबीना के चालीस चोर, ख़ुदा की वापसी (सभी कहानी संग्रह शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उनके नाम कई अनूदित पुस्तकें व टेलिफ़िल्मों का लेखन शामिल है। इस वर्ष नासिरा जी अपना साठवां जन्‍मदिन मना रही हैं।

वर्ष 2007 के लिए पद्मानन्द साहित्य सम्मान श्रीमती उषा वर्मा को उनके कहानी संग्रह कारावास (2007 – विद्या विहार प्रकाशन, नई दिल्ली) के लिए दिया जा रहा है। श्रीमती उषा वर्मा का जन्म बाराबंकी, उत्तर प्रदेश में हुआ था और उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से एम.ए. (दर्शनशास्त्र) तक शिक्षा प्राप्त की। उनकी प्रकाशित रचनाओं में क्षितिज अधूरे, कोई तो सुनेगा (कविता संग्रह), सांझी कथा यात्रा (संपादन – कहानी संग्रह) आदि शामिल हैं। वे लीड्स विश्विद्यालय में प्राध्यापिका रही हैं। इससे पूर्व इंगलैण्ड के प्रतिष्ठित हिन्दी लेखकों क्रमश: डॉ सत्येन्द श्रीवास्तव, सुश्री दिव्या माथुर, श्री नरेश भारतीय, भारतेन्दु विमल, डा.अचला शर्मा, उषा राजे सक्‍सेना,गोविंद शर्मा और डा. गौतम सचदेव को पद्मानन्द साहित्य सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
कथा यू.के. परिवार उन सभी लेखकों, पत्रकारों, संपादकों मित्रों और शुभचिंतकों का हार्दिक आभार मानते हुए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित करता है जिन्होंने इस वर्ष के पुरस्कार चयन के लिए लेखकों के नाम सुझा कर हमारा मार्गदर्शन किया और हमें अपनी बहुमूल्य संस्तुतियां भेजीं।

कवयित्री अनामिका 'केदार सम्मान' - 2007 से सम्मानित
'केदार शोध पीठ न्यास' बान्दा द्वारा सन् 1996 से प्रति वर्ष प्रतिष्ठित प्रगतिशील कवि केदारनाथ अग्रवाल की स्मृति में दिए जाने वाले साहित्यिक 'केदार-सम्मान' का निर्णय हो गया है। वर्ष २००७ का केदार सम्मान कवयित्री सुश्री अनामिका को उनके काव्य-संग्रह 'खुरदरी हथेलियाँ ' के लिए प्रदान किए जाने का निर्णय किया गया है।

यह सम्मान प्रतिवर्ष ऐसी प्रतिभाओं को दिया जाता है जिन्होंने केदार की काव्यधारा को आगे बढ़ाने में अपनी रचनाशीलता द्वारा कोई अवदान दिया हो। प्रकृति-सौन्दर्य व मानवमूल्यों के प्रबल समर्थक कवि केदारनाथ अग्रवाल की ख्याति उनकी कविताओं के टटकेपने व अछूते बिम्बविधान के साथ साथ कविताओं की सादगी व सहजता के कारण विशिष्ट रही।


'केदार शोध पीठ न्यास' केदार जी के काव्य अवदान को आगामी पीढ़ी तक पहुँचाने व उनमे काव्य के उस स्तर की पहचान विनिर्मित करने के उद्देश्य से गठित की गई संस्था है। प्रति वर्ष सम्मान का निर्णय कविताओं की वस्तु व विन्यास की इसी कसौटी को ध्यान में रखते हुए ही किया जाता है। इसकी निर्णायक समिति में साहित्य के 5 मर्मज्ञ विद्वान सम्मिलित हैं। प्रति वर्ष सितम्बर में इस पुरस्कार के लिए देश-विदेश के हिन्दी रचनाकारों से प्रविष्टियाँ आमन्त्रित की जाती हैं।

अब तक यह पुरस्कार जिन रचनाकारों को प्रदान किया गया है, उनमे अनामिका तीसरी स्त्री रचनाकार हैं। इस से पूर्व सुश्री गगन गिल व सुश्री नीलेश रघुवंशी को इस श्रेणी में गिना जाता था।


पूर्व वर्षों की भांति यह पुरस्कार आगामी अगस्त माह में बान्दा में आयोजित होने वाले एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा

इस पुरस्कार के लिए केदार सम्मान समिति, केदार शोधपीठ न्यास,'विश्वम्भरा', 'हिन्दी भारत' समूह व हमारी ओर से अनामिका जी को अनेकश: शुभकामनाएँ।


-कविता वाचक्नवी

नए मांनदंड स्थापित करती माधोपुरी की स्व-जीवनी : “छांग्या रुक्ख”


दिनांक 09.04.2008 को मंडीहाउस स्थित साहित्य अकादमी के सभागार में पंजाबी के जाने-माने कवि, अनुवादक व पत्रकार बलबीर माधोपुरी की चर्चित व कई भाषाओं में अनूदित स्व-जीवनी ‘छांग्या रुक्ख’ पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पहले वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए सूरजपाल चौहान ने कहा कि पंजाब सबसे अधिक समृद्ध व खुशहाल प्रदेश के रूप में जाना जाता है और यह माना जाता रहा कि पंजाब में उत्तर प्रदेश या राजस्थान की तरह जातीय उत्पीड़न जैसी कोई चीज नहीं है। लेकिन ‘छांग्या रुक्ख’ से गुजरते हुए पंजाब के बारे में पाठकों के दिमाग में बनी खूबसूरत छवि अचानक घृणित छवि में बदल जाती है और इंसानियत के पतन को लेकर एक अजीब से कुढ़न पैदा होती है। माधोपुरी ने पंजाब की असली तस्वीर दिखाकर एक मंजे हुए साहित्यकार व समाज के जिम्मेदार नागरिक की भूमिका अदा की है। निस्संदेह माधोपरी का यह साहसपूर्ण कार्य स्वागत योग्य है।
जे.एन.यू. से पधारे प्रो.चमनलाल ने स्वजीवनी, जिसे आत्मवृत्त के रूप में जाना जाता है, के महत्व को स्वीकारते हुए टिप्पणी की कि आत्मकथा दलित साहित्य की सबसे ताकतवर विधा है, और ‘छांग्या रुख’ ने इसे एक नई पहचान दी है। उन्होंने इसकी तुलना मराठी की आत्मकथाओं से करते हुए कहा कि यह जाटवाद के कुकृत्यों को समाज के सामने लाती है, और पंजाब के सामाजिक-आर्थिक ढांचे की कलई खोल कर रख देती है। उन्होंने स्वीकार किया कि पंजाब के दलितों का संघर्ष ब्राह्मणवाद के नहीं, जाटवाद के विरुद्ध है, क्योंकि पंजाब में ब्राह्मणवाद का कोई वजूद ही नहीं है। चमनलाल ने दलित, नारी, अश्वेत व प्रगतिशील विचारों वाले बुद्धिजीवियों से एक जुट होने का आह्वान किया और इसके लिए किसी के रहमोकरम की आवश्यकता को सिरे से नकारने पर जोर दिया।
अगले वक्ता के रूप में बजरंग तिवारी ने माधोपुरी का नाम लिए बगैर कहा कि ‘छांग्या रुक्ख’ अनुभव और अध्ययन का अनूठा नमूना है। इसे पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि जैसे हम कोई स्व-जीवनी नहीं, समाजशास्त्र की कोई पुस्तक पढ़ रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से गांव में प्रचलित शिक्षक व छात्र संबधों में शिक्षक की जातिवादी व क्रूरतापूर्ण भूमिका पर चिंता जताई और ‘छांग्या रुक्ख’ में चित्रित स्कूल संबंधी घटनाक्रम को गुरु के चरित्र के बेनकाब करने वाला बताया। बजरंग तिवारी ने जाति के सवाल को गंभीरता से लेते हुए कहा कि भारत में इस्लाम व इसाई धर्म भी जातिवाद से अछूते नहीं हैं। इसलिए इस जाति-रूपी राक्षस का सामना करने के लिए उन्होंने दलित साहित्य को सभी भाषाओं से जोड़े जाने पर बल दिया। उन्होंने इसकी भाषा की अलग प्रकार की शैली व शब्दावली भी का खुलकर समर्थन किया।
प्रो. अजय तिवारी ने ‘छांग्या रुक्ख’ को आक्रोश से मुक्त बताया, जिसका अम्बेडकरवादी साहित्य पर निरंतर आरोप लगता रहा है। लेकिन उन्होंने इसके चरित्रों के विकास को स्वाभाविक विकास की संज्ञा देते हुए कहा कि ये स्वयं आक्रोश में आए बगैर पाठकों में आक्रोश पैदा हैं। इस परिपक्वता का श्रेय स्व-जीवनी के रचनाकार बलबीर माधोपुरी को जाता है। प्रो. तिवारी ने ‘छांग्या रुक्ख’ को व्यवस्था का सच बयान करने वाली कृति बताया, जो नियति में हस्तक्षेप करने के लिए ललकारती है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक एक दलित स्व-जीवनियों में एक अलग मानदंड स्थापित करती है। काश ! यह पुस्तक मूल रूप से हिन्दी में आई होती।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डा. विमल थोराट ने माधोपुरी की पुस्तक ‘छांग्या रुक्ख’ का लोकार्पण किया, पुष्प गुच्छ दिया और एक शाल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस कड़ी में उनकी पत्नी हरजिन्दर कौर को पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया जाना ऐसा था जैसे उनके अप्रत्यक्ष योगदान को मान्यता प्रदान करना। निस्संदेह यह एक प्रशंसनीय व स्वागत योग्य कदम था। इसके उपरान्त उन्होंने कहा कि ‘छांग्या रुक्ख’ एक ऐसा दस्तावेज है, जिसमें इस कृति को दुर्लभ व महत्वपूर्ण बनाने वाले आर्थिक आंकडों का इस्तेमाल किया गया है। इसके लिए उन्होंने पुस्तक के रचनाकार की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
लेखक ने अपने वक्तत्व में गांवों के ही नहीं बल्कि अति आधुनिक हरियाणा व पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रेम-विवाह करने वालों को किस निर्ममतापूर्वक कत्ल कर दिया जाता है, और इसमें जट सिख किस प्रकार सबसे आगे हैं। उन्होंने आगे बताया कि गरुद्वारों में दलितों के साथ किस-किस प्रकार का भेद-भाव बरता जाता है। उन्होंने उन गरुद्वारों को इस भेदभाव से मुक्त बताया जो शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अंतर्गत आते हैं। उन्होंने आगे बताया कि पंजाब के गावों के 12500 गुरुद्वारे हैं, तो दलितों के अपने भी 10000 शानदार गुरुद्वारे हैं। विभिन्न भाषाओं के साहित्यकारों और प्रबुद्धजनों से खचाखच भरे इस सभागार में उन्होंने घोषणा की कि अम्बेडकरवादी साहित्य की गतिविधियों को देखते हुए यह कहना अतिश्योक्तिपूर्ण नहीं होगा कि वर्तमान सदी हमारी, यानी अम्बेडकरवादी साहित्य व इसके साहित्कारों की होगी। अंत में उन्होंने इस गोष्ठी में शिरकत करने वाले प्रबु़द्धजनों का आभार व्यक्त करते हुए अपना संक्षिप्त-सा वक्तव्य समाप्त किया। कार्यक्रम का संचालन सूरज बड्त्या ने और धन्यवाद ज्ञापन व्यंग्यकार अरुण कुमार गौतम ने किया।
यद्यपि इस गोष्ठी की शुरुआत थोड़े गंभीर माहौल में मराठी के गंभीर चिंतक, समाज की नब्ज को बारीकी से समझने वाले, मराठी दलित साहित्य को नई पहचान देने वाले और परंपरागत साहित्य की अलग-अलग आयाम से व्याख्या करने वाले व्यक्तित्व बाबूराव बागुल को श्रद्धांजली देने के साथ हुई। लेकिन जैसे जैसे ‘छांग्या रुक्ख’ पर चर्चा का सिलसिला शुरु हुआ, माहौल बेहद अकादमिक व उत्साहवर्धक बनता चला गया और प्रत्येक श्रोता इस माहौल में खो गया प्रतीत होता था। निस्संदेह इसका श्रेय पुस्तक ‘छांग्या रुक्ख’ इसके रचनाकार माधोपुरी, वक्तागण व उपस्थित सभी प्रबुद्ध श्रोतागण को जाता है।
प्रस्तुति– ईश कुमार गंगानिया
(संपादक–आजीवक विज़न)


एकांत श्रीवास्तव और अलका सिन्हा सम्मानित

वरिष्ठ पत्रकार लाला जगत ज्योति प्रसाद की दसवीं पुण्यतिथि पर समकालीन साहित्य मंच, मुंगेर के तत्वावधान में स्थानीय शिक्षक संघ के सभागार में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में कथाकार मधुकर सिंह द्वारा ‘वागर्थ’ के संपादक-कवि एकांत श्रीवास्तव को तथा बिहार विधान परिषद सदस्य कथाकार डा0 प्रेम कुमार मणि द्वारा कवयित्री-कथाकार अलका सिन्हा को लाला जगत ज्योति स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। समारोह का उदघाटन मुंगेर से पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश ओमप्रकाश पांडेय और वरिष्ठ पत्रकार आचार्य लक्ष्मीकांत मिश्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि डा0 कुणाल कुमार ने की। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ कथाकार संतोष दीक्षित और पूर्व केन्द्रीय मंत्री डी पी यादव ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सम्मानित कवियों ने अपने रचनापाठ से कविता की सार्थकता को रेखांकित किया। जहां एकांत श्रीवास्तव ने अपनी संस्कृति का आभार इन शब्दों में व्यक्त किया- “इस मिट्टी से कहूँगा धन्यवाद जिसमें बंधी रही मेरी जड़ें और मैं वृक्ष रहा छतनार…” वहीं अलका सिन्हा की रचनात्मक प्रतिबद्धता इन शब्दों में मुखरित हुई- “ मैं स्याही से लिख सकूँ/उजली दुनिया के सफेद अक्षर/मुझे जज्ब कर हे कलम/मैं तेरी रोशनाई होना चाहती हूँ।”
सम्मान समारोह के अगले चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में कुछ गण्यमान्य कवियों ने रचनापाठ किया जिनमें प्रगतिशील लेखक संघ, पटना के सचिव शहंशाह आलम, ग़ज़लकार अनिरुद्ध सिन्हा, जाने-माने कवि योगेन्द्र कृष्णा, राहुल झा, मृदुला झा, विकास आदि प्रमुख थे। कार्यक्रम का संचालन डा0 शब्बीर हसन ने किया।
0

अगला अंक





जून 2008

-मेरी बात
-सूरज प्रकाश की कहानी- “करोड़पति”।
- डा0 हरि जोशी की कविताएं।
- रणीराम गढ़वाली की लघुकथाएं ।
-“भाषान्तर” में लियो ताल्स्ताय के उपन्यास “हाजी मुराद” के धारावाहिक प्रकाशन की चौथी किस्त। हिंदी अनुवाद : रूपसिंह चन्देल।
-“नई किताब” तथा “गतिविधियाँ” स्तम्भ।

शनिवार, 29 मार्च 2008

साहित्य सृजन – मार्च 2008


मेरी बात

सुभाष नीरव


एक ज़माना था जब 'स्वांत: सुखाय' लेखक हुआ करते थे। आज की तरह तब छपने-छपाने की इतनी सुविधाएं भी नहीं हुआ करती थीं। तब ये 'स्वांत: सुखाय' लेखक एकांत में बैठकर अपने लिखे का खुद ही रस लिया करते थे। परन्तु समय बदला, प्रकाशन की सुविधाएं तेजी से बढ़ीं, अख़बार, पत्र-पत्रिकाएं और किताबों का प्रमुखता से प्रकाशन होने लगा तो स्वांत:सुखाय लेखकों-कवियों की तेजी से कमी आई और आज तो शायद ही कोई बिरला लेखक या कवि होगा जो अपने लिखे को अपने तक ही सीमित रखना चाहता हो, उसके भीतर अपने लिखे को दूसरों को सुनाने-पढ़ाने की लालसा न होती हो। आज हर लेखक-कवि प्रशंसा और यश का भूखा होता है। (अब तो धन का भी)। वह चाहता है कि वह जो कुछ भी लिखे- अच्छा या बुरा- अधिक से अधिक लोग उसे पढ़ें। पढ़ें ही नहीं, उसकी प्रशंसा भी करें। कुछ अधिक छपने-छपाने वाले लेखक- कवि जब थोड़ा स्थापित हो जाते हैं तो उनकी इस भूख में थोड़ा और इज़ाफा हो जाता है। वे अन्य भाषाओं में अनूदित होकर अपने पाठकों की संख्या में श्रीवृद्धि करने को उत्सुक रहते हैं। इसमें दो राय नहीं कि किसी उत्कृष्ट कृति अथवा रचना का अन्य भाषाओं में अनुवाद होना चाहिए। इससे लेखक का दायरा तो विस्तृत होता ही है, दूसरी भाषाएं भी समृद्ध होती हैं और उन भाषाओं के पाठकों को भी यह जानने-समझने का अवसर मिलता है कि अमुक भाषा में क्या-कुछ उत्कृष्ट लिखा गया है या लिखा जा रहा है। लेकिन, यदि कोई लेखक अपनी कमज़ोर कृति या रचना का अनुवाद करवा कर उसे दूसरी भाषाओं में प्रकाशित करवाता है तो उसकी स्वंय की छवि तो उस भाषा के पाठकों में खराब होती ही है, उसकी अपनी भाषा के समस्त साहित्य पर भी दूसरी भाषा के पाठकों में एक गलत संदेश जाता है।
आज का लेखक यह तो चाहता है कि उसकी रचनाएं उसके मित्र लेखक ही नहीं, सभी पढ़ें और उस पर बात करें, लेकिन वह स्वयं कितने मित्र लेखकों अथवा अन्य लेखकों को पढ़ता है और उस पर स्वयं कितना आगे बढ़कर बात करता है, अगर पूछा जाए या पता लगाया जाए, तो परिणाम चौकाने वाले ही सामने आएंगे। लेखक दूसरों से तो यह अपेक्षा रखता है कि वे उसकी रचनाएं पढ़ें और उस पर उससे बात करें, लेकिन यही अपेक्षा दूसरे भी उससे रखते होंगे, यह बात वह भूल जाता है। यहाँ मैं अपने संग घटित एक वाकया प्रस्तुत कर रहा हूँ। मेरे एक मित्र लेखक ने एक दिन मुझे फोन किया और इधर-उधर की हल्की-फुल्की बातों के बाद अपनी लाइन पर आ गए। ऐसा वह अक्सर किया करते हैं। बोले- ‘वर्तमान-साहित्य देखा?’ मैंने बताया- ‘हाँ। कल ही पढ़कर उठा हूँ।’ उन्होंने प्रश्न किया- ‘मेरी कहानी पढ़ी? कैसी लगी?’ और फिर वे अपनी कहानी पर मेरी राय गदगद होकर सुनते रहे और बताते रहे कि उनकी इस कहानी को लेकर अब तक किन-किन के फोन आ चुके हैं। काफी लंबी बातचीत के बाद जब वह फोन रखने की बात कहने लगे तो मैंने कहा- ‘भाई साहब, आपने मेरी कहानी पढ़ी। उसी अंक में आख़िर में छपी है।' वह बोले- ‘अच्छा ! पर मेरे पास पत्रिका का जो अंक आया है, उसमें तो तुम्हारी कहानी नहीं है। एक मिनट ठहरो, पत्रिका मेरे सामने है, देखता हूँ।’ कुछ क्षण बाद उन्होंने बताया- ‘यार, पत्रिका में आख़िर के कई पृष्ठ गायब हैं। ऐसा करो, तुम अपनी कहानी के वे पेज मुझे फोटो कापी करवा कर देना।’ संयोग देखिये कि उसी शाम मुझे उनके घर की तरफ ही जाना पड़ा। मैं कहानी की फोटो कापी संग ले गया। वह घर पर नहीं थे, मंदिर गए थे। मैं उनके लौटने की प्रतीक्षा में बैठकर मेज पर पड़ीं अख़बार और पत्र-पत्रिकाओं के पन्नें उलटने-पलटने लगा। वर्तमान-साहित्य का अंक भी वहीं पड़ा था। मैंने जब उसे खोला तो मेरी हैरानगी का ठिकाना न रहा। पत्रिका में तो मेरी कहानी मौजूद थी।
बहुत से वरिष्ठ और अग्रज लेखक, नये लेखकों से यह साधिकार अपेक्षा रखते हैं कि वे उनकी हर कृति या रचना को पढ़ें, लेकिन वे स्वयं नये लेखकों कोई कृति या रचना को पढ़ना तो अलग, उनकी इक्का-दुक्का रचनाओं को पढ़ने की भी जहमत नहीं उठाते। सभा-गोष्ठियों में पुस्तक पर बोलने के लिए अथवा फ्लैप-मैटर लिखने के लिए भले ही वे युवा लेखक- कवि की पुस्तक को पढ़ लेते हों (अधिकांशत: तो देखने में यह आता है कि ऐसे अवसरों पर भी वे पूरी कृति न पढ़कर सरसरी तौर पर पढ़कर काम चला लेते हैं)। इसी संदर्भ में भी मुझे एक घटना और याद आ रही है। मेरे एक मित्र लेखक जिन्होंने अभी हाल ही में लिखना प्रारंभ किया था और जिनका पहला कहानी संग्रह उन्हीं दिनों छपा था, मेरे पास आए और मुझसे कहीं चलने का इसरार करने लगे। वह मुझे एक ऐसे लेखक के घर ले गए जिनका हिन्दी कथा साहित्य और आलोचना में काफी नाम है और वे अपनी एक पत्रिका भी निकालते हैं। दरअसल, मेरा मित्र उस वरिष्ठ लेखक को अपने कहानी संग्रह की एक प्रति भेंट करना चाहता था। वरिष्ठ लेखक महोदय ने बिठाया और अपना परिचय देने को कहा। हमारा परिचय पाकर वे बोले- ‘देखो भाई, अगर तुम अपनी कोई पुस्तक मेरी पत्रिका में समीक्षा के लिए देने आए हो तो तुम्हें निराश होना पड़ेगा। अगर कोई पुस्तक मुझे समीक्षा लायक प्रतीत होती है तो मैं प्रकाशक से स्वंय दो प्रतियाँ मंगवा लेता हूँ। तुम अपनी प्रतियाँ खराब न करो।’ इसपर मेरे लेखक मित्र ने विन्रम स्वर में कहा- ‘महोदय, मैं आपको समीक्षा के लिए प्रतियाँ देने नहीं, बल्कि अपने पहले कहानी संग्रह की एक प्रति आपको एक वरिष्ठ और अग्रज लेखक होने के नाते भेंट करने आया हूँ।’ वरिष्ठ लेखक महोदय ने तब हम दोनों को और भी हैरान कर दिया जब उन्होंने कहा कि मैं बहुत व्यस्त रहता हूँ, तुम्हारी पुस्तक मैं पढ़ न पाऊँगा। जब हम उठकर चलने को हुए तो वे बोले- ‘तुमने मेरी किताबें पढ़ीं हैं? नये और युवा लेखकों को अग्रजों और वरिष्ठों को पढ़ना चाहिए।’ और यह कहकर अपनी कुछ किताबें देने लगे। इस पर मेरे मित्र ने कहा- ‘माफ कीजिएगा, अगर आप जैसे वरिष्ठ लेखकों के पास नये और युवा लेखकों को पढ़ने का समय नहीं है तो आप हमसे ऐसी अपेक्षा कैसे कर सकते हैं कि हम आपकी किताबें पढ़ेंगे।’ और हम उठकर बाहर आ गए थे।
इसमें दो राय नहीं कि निरंतर लेखन और अच्छे लेखन के लिए दूसरों के लिखे को भी पढ़ना बेहद ज़रूरी होता है। जो अपेक्षाएं हम अपने लेखन को लेकर दूसरों से पालते हैं, वैसी अपेक्षाएं हमसे रखना दूसरों का भी जायज़ हक है, यह हमें कदापि नहीं भूलना चाहिए।


हिंदी कहानी
बहुत कुछ
महेश दर्पण
ताई मेरे लिए अतीत और वर्तमान के बीच एक पुल की तरह थी। मैं उन्हें देखता तो मुझे पुराने दिन एक-एक कर याद आने लगते। मैं अपने किशोर दिनों में उतर जाता।
मुझे याद है अच्छी तरह से कि ताई जब शादी के बाद घर आई थीं तो कैसे भीतर आकर उन्होंने सबसे पहले मुझे ही अपनी गोद में बैठाया था। फिर कुछ बरस बाद मैं भले ही उनसे अलग हो गया होऊँ, लेकिन यह वह भी मानती थीं कि माँ बनने से पहले उनका सारा दुलार मुझ पर ही रहा था। वह मुझे अपना बेटा ही तो मानने लगी थीं। उनकी वजह से बहुत कम समय में मैं यह भूल गया था कि अपने माँ-बाबू को होश संभालने से पहले ही खो चुका हूँ।
किसे पता था कि बरसों बाद फिर हमें एक ही मुहल्ले में रहने का मौका मिलेगा। दर-दर की ठोकरें खाने के बाद मेरे मुहल्ले में आने तक ताई बहुत कुछ खो चुकी थीं।
वह ताऊ जी को किस कदर चाहती थीं, यह ताऊ जी के न रहने पर ही पता चला। बहन की शादी करने के बाद जब उनके बेटों ने उनसे कहा कि यह घर अब जर्जर हो चुका है, इसे बेच-बाच कर किसी ठीक-ठीक जगह कोई फ्लैट देख लेते हैं तो वह बिफर ही पड़ीं, तुम्हारे लिए हो गया होगा जर्जर। यह मेरे लिए जीने का सबसे बड़ा सहारा है, समझे। तुम लोगों को जहाँ जाना है, शौक से जाओ, मैं मरते दम तक यहीं रहूँगी। मुझे किसी के सहारे की जरूरत नहीं है।
शंकर ने एक रोज मुझे बताया था कि माँ घंटों अपना कमरा बंदर किए बैठी रहती हैं। कोई इस दौरान उन्हें छेड़ नहीं सकता। कई-कई बार तो खाने का वक्त निकल जाता है और हम लोग भूखे बैठे उनके बाहर आने का इंतजार करते रहते हैं।
“क्या करती हैं अकेले में दरवाजा बंदर करके वह ?” मेरी जिज्ञासा जाग उठी थी।
शंकर ने बताया, “अरे, बहुत दिनों तक तो हम खुद हैरान थे यही सोच-सोच कर। एक दिन राज खुद खुल ही गया। हुआ यह कि बंटी ने ‘दादी खोलो, दादी खोलो’ कहते हुए उनका दरवाजा जोरों से भड़भड़ा दिया। शायद सिटकनी ठीक से नहीं लगी थी, खटाक की आवाज हुई और दरवाजा खुल गया। जब तक हम लोग बंटी को रोकते, वह जाकर दादी की गोद में बैठ गया– ‘दादी, ये इतनी सारी चिट्ठियाँ कहाँ से आ गईं तुम्हारे पास ?’ उसी बात का जवाब दिए बगैर हड़बड़ाहट में माँ फर्श पर बिखरी चिट्ठियाँ बटोर कर अपने थैले में रखने लगीं। इस वक्त दद्दा तुम उनकी फुर्ती देखते जरा। उन्होंने बंटी के हाथ से छीनते वक्त भी यह एहतियात रखा कि कहीं कोई चिट्ठी फट न जाए। यह तो हम समझ ही गए थे कि ये तमाम चिट्ठियाँ बाबू जी ने उन्हें समय-समय पर लिखी होंगी। अब समझ में आने लगा था कि आखिर क्यों उन्हें यह पसंद नहीं था कि बहुएं उनके कमरे की सफाई करें। अलमारी में हाथ लगाने का तो खै़र सवाल ही नहीं उठता... वह हम सबके लिए एक वर्जित प्रदेश की तरह है...।
शंकर जाने क्या-क्या बोलता रहा था उस रोज और मैं था कि ताई के साथ बीते दिनों में जा पहुँचा था। ताऊ जी हर वक्त अपने लिखने पढ़ने में ही लगे रहते थें और ताई जी मुझे पढ़ाने लिखाने में। चाय के वक्त चाय, नाश्ते के वक्त नाश्ता। बहुत हो गया तो रात को खाने के वक्त थोड़ी बातचीत ये हो गई कि आज दिनभर क्या किया तुम लोगों ने। कभी ताई मेरी शैतानियों की शिकायत करती, कभी कहती– ‘कभी कभार आप भी तो देख लिया कीजिए इसका काम-काज। आजकल पढ़ने में मन बिलकुल नहीं लगता इसका।’
ताऊ जी दो-एक रोज पढ़ाने की कोशिश जरूर करते, लेकिन मेरी मूढ़ताओं के चलते उनका टीचर बेहद कमजोर साबित होता। वह मुझे पहाड़ा याद न होने पर घंटे भर दरवाजे के पीछे खड़े होने का दंड देते। मैं सहर्ष खड़ा हो जाता। मुर्गा बना देते, मैं झट बन जाता। थोड़ी देर बाद वह फिर पहाड़ा सुनाने का कहते, मैं न सुना पाता। आखिरकार, ताई झुंझला कर कहतीं, ‘दिनभर से लड़के को भूखा मार रखा है, जान ही लोगे क्या उसकी। तुम्हारे बस का नहीं है बच्चों को पढ़ाना। मुझे टुन्नी को न देखना होता तो तुमसे कहती भी नहीं...।'
पास बैठककर शंकर मुझे माँ के बारे में समझाने-समझने आया था और मैं था कि उसे अब भी टुन्नी ही समझे बैठा था। मैंने शंकर को समझाते हुए कहा, “ये ऐसी चीजें होती हैं शंकर, जिन पर किसी का जोर नहीं चलता। मेरी मानों तो तुम ताई को एकदम उन पर छोड़ दो। जैसा चाहें, करने दो। कभी-कभी आदमी अपने वर्तमान से ऊब जाता है तो उसे बीता हुआ समय स्मृति बनकर उबार लेता है। ताई जब चाहें, तुम उन्हें वहाँ जाने से मत रोको। कुछेक दिन में सब ठीक हो जाएगा।"

शंकर के जाते ही पत्नी बाजार से लौट आई। मन न माना तो मैंने उससे ताई के पास चलने का आग्रह किया। वह थकी तो थी ही, रात का खाना भी बनाने की तैयारी में जुट जाना चाहती थी। लेकिन मेरे आग्रह के स्वर में उसे शायद मेरी बेचैनी भी नजर आ गई थी। बोली, “चलो, लेकिन एक घंटा से ज्यादा नहीं रुकेंगे। और हाँ, लौटते वक्त डोसा सेंटर से डोसे लेते आएंगे। आज घर के खाने की छुट्टी। ठीक है ?”
“हाँ-हाँ।" कहते हुए हम दोनों निकल पड़े।


ताई हमें देखकर खिल उठी थीं। देर तक बतियाती रहीं। कभी-कभी तो मुझे लगता जैसे वह मुझमें ताऊ जी की छवि देख रही हैं। बस, बात-बात पर कहतीं, “बिलकुल अपने ताऊ जी पर गया है रे तू।"
बातें करते-करते उन्हें लगा कि वही बोले जा रही हैं, तो बोलीं– “तू भी कुछ बोलेगा या अपने ताऊ जी की तरह चुप्प बना बैठा रहेगा।"
ताई की बातें सुन कर उनकी बहुएं मुँह छिपा कर हँसे जा रही थीं और मैं उन्हें गंभीरतापूर्वक सुनने का नाटक कर रहा था। नाटक इसलिए कि अगर आप मेरी जगह होते तो शायद यही करने पर मजबूर हो जाते। ताई के पास आए हमें बमुश्किल आधा घंटा ही हुआ होगा कि इस बीच उन्होंने छह-सात बार एक ही किस्सा सुना दिया। पहली बार सुनाया तो हम लोग खूब हँसे थे।
ताई की बात उन्हीं की जबान में सुन लीजिए– ‘हम लोग जब एनसीसी में थे तो एक बार हमारा टेस्ट लिया गया। कौन हवाई जहाज में जाने लायक है करके। जहाज जब ऊपर को उड़ा तब तो ठीक था, लेकिन जब उतरने लगा तो मेरी तो धड़कन ही तेज हो गई। मशीन में यह सब साफ दिखाई दे रहा था। टेस्ट लेने वालों को बस, फिर क्या था, मेरी छुट्टी हो गई। वरना मैं भी जहाज उड़ाती फिरती...।'
किस्सा खत्म करने के बाद ताई जाने कहाँ गुम हो गई थीं। बातें होती रहीं, ताई बैठी रहीं। ताई बोली नहीं, बातें होती रहीं। सबके पास अपने-अपने किस्से थे, लेकिन ताई जब भी बोलतीं, वहीं हवाई जहाज वाला किस्सा दुहरा देतीं। पहली बार तो मुझे लगा कि शायद भूल गई हैं, लेकिन जब यह सिलसिला ही चल निकला तो मुझे लगा, ऐसा होने की कोई खास वजह होनी चाहिए। क्या बुढ़ापे में सचमुच स्मृति दोष हो जाता होगा। क्यों होता होगा स्मृति दोष ? या फिर इंसान एक ही बात को दुहराते हुए कहीं अपने वह सब न कर पाने की हीनता-ग्रंथि से ही तो नहीं जूझता रहता जीवन भर।
इधर मैं सोचते हुए गहरे में उतरा ही था और उधर कुछेक बातों के बाद ताई जी फिर उसी किस्से के साथ हाजिर थीं। मैंने गौर किया कि ऐसा करते हुए उनमें वही विश्वास मौजूद था जो प्राय: पहली बार कहने वाले में नजर आता है। वह सुना रही थीं कि आज वह भी जहाज उड़ा रही होतीं... अगर टेस्ट में उन्हें फेल न कर दिया गया होता... और उधर मेरी और शंकर की पत्नी फिस्स से मुँह दबा कर हँसने लगीं। एकाध बार तो मैं उनकी यह हरकत न भांप पाया, लेकिन फिर साफ पकड़ में आ गया कि ये दोनों आज कुछ हटकर बैठी क्यों हुई हैं।
ताई यह बात कई मर्तबा बता चुकी हैं, यह उन्हें बताना मुझे ठीक न लगा। उल्टे मैंने उनसे फिर पूछ ही लिया, “तो ताई फिर कभी जहाज में बैठीं कि नहीं तुम?”
उनका चेहरा कायदे में बुझ जाना चाहिए था, लेकिन इसके ठीक उलट वह खिल पड़ा, “अरे, अब तुझे क्या बताऊँ, जब शादी हुई तो तेरे ताऊ जी ने सबसे पहले तो मेरी नौकरी छुड़वा दी। कहते थे– हमारे यहाँ औरत की कमाई नहीं खाई जाती। औरतें काम करती हैं तो घर का सत्यानाश हो जाता है। तू बतइयो जरा, तेरे घर में बहू रोज काम पै जाती है कि नहीं। क्या हुआ आज तक ? उलटे कमाने वाले एक से दो हो गए तुम। मैं तो कहती हूँ, जो मर्द औरत को हमेशा अपने नीचे रखना चाहते हैं, वही छुड़वाते हैं नौकरी उसकी। घर तो बनाने से बनता है, घर में बैठे रहने से नहीं। अब तू ही जान, ताऊ जी तो चले गए। बच्चों को पढ़ा-लिखा के अपने पैरों पर खड़े होने लायक किसने बनाया। ट्यूशन पढ़ा-पढ़ा के। पढ़ी-लिखी ना होती तो कैसे होता संभव... बता तो जरा। पढ़ाई क्या घर में बैठ के हो जाती है... लेकिन तेरे ताऊ जी की बात मान कर, घर से बाहर मैं फिर भी नहीं निकली।"
ताई बोले जा रही थीं और हल्की हो रही थीं। मुझे लगा, उनकी सबसे बड़ी बीमारी तो दरअसल वह अबोला है जो घर में बना हुआ है। उनकी एक जैसी बातें सुन-सुनकर बेटा बाहर निकल जाता है और बहू उन पर कान नहीं देती। ताई कुछ करना चाहती हैं तो बहू फौरन रोक देती है– ‘माँ जी, आप नहीं कर पाएंगी, छोड़ दीजिए। मैं हूँ न।'
ताई से बस यही वाक्य बर्दाश्त नहीं होता। वह बिफर पड़ती हैं– ‘लो भैया, तुम्हारा काम काम ठहरा, मैं भला कैसे कर पाऊँगी अब...।'
हमारे सामने भी यही तो हुआ था। बहू चाय बनाकर ले आई तो ताई ‘बिस्कुट का डिब्बा ले आती हूँ’ कहकर उठने को हुई ही थीं कि बहू ने रोक दिया, “माँ जी, आप रहने दीजिए। मैं ले आती हूँ।"
बोलती-बोलती ताई इसके बाद एकदम खामोश हो गईं। बहू बिस्कुट ले आई थी, लेकिन उन्होंने बिस्कुट छुए तक नहीं।
मैंने माहौल को सहज करने की कोशिश में शंकर से कहा– “अरे भई, तुम लोग भी खाओगे या हम ही खाते रहेंगे।"
इस बीच बंटी ने वह चमत्कार किया जो कोई और शायद ही कर पाता। उसने एक बिस्कुट उठाया और पीछे से आकर जबरदस्ती अपनी दादी के मुँह में ठूंस दिया। ताई ‘ना-ना’ करती रहीं, लेकिन बंटी कहाँ मानने वाला था।
यह देखकर हम सब के सब एकसाथ हँस पड़े। आधा बिस्कुट उनके मुँह के भीतर और आधा बाहर देखकर बंटी को बड़ा मजा आ रहा था। वह ताली बजा-बजा कर नाचने लगा। बिस्कुट खा कर हमारे साथ-साथ ताई भी हँसने लगीं और बंटी से बोलीं, “ठहर बदमाश, तुझे तो मैं अभी बताती हूँ...।"
बैठे-बैठे पत्नी ने घड़ी दिखाते हुए इशारा किया कि अब चलने का वक्त हो गया है। हमने ताई के पैर छुए और विदा ली। गेट तक छोड़ने आया शंकर कहने लगा, “दद्दा आप आ जाया करो न। आपके आने से बड़ा अच्छा लगता है। आपके आने से माँ भी खुश हो जाती हैं...।"ताई पीछे खड़ी थीं चुपचाप, लेकिन उनकी पनीली आँखें बहुत कुछ कह रही थीं। इस बहुत कुछ में ऐसी तमाम चीजें थीं जो मैं और वह बगैर बोले भी समझ रहे थे।


लेखक संपर्क :
सी–3/51, सादतपुर
दिल्ली–110094
दूरभाष : 011-22967134
ई-मेल : darpan.mahesh@gmail.com





तीन कविताएं- सुभाष नीरव

नदी


पर्वत शिखरों से उतर कर
घाटियों-मैदानों से गुजरती
पत्थरों-चट्टानों को चीरती
बहती है नदी ।

नदी जानती है
नदी होने का अर्थ ।

नदी होना
बेरोक निरंतर बहना
आगे...आगे... और आगे ।

कहीं मचलती,
कहीं उद्विग्न, उफनती
किनारे तोड़ती
कहीं शांत-गंभीर
लेकिन,
निरंतर प्रवहमान ।

सागर से मिलने तक
एक महायात्रा पर होती है नदी ।

नदी बहती है निरंतर
आगे... और आगे
सागर में विलीन होने तक
क्योंकि वह जानती है
वह बहेगी
तो रहेगी ।
0

माँ-बेटी


बेटी के पांव में आने लगी है
माँ की चप्पल
बेटी जवान हो रही है।

माँ को आ जाता है अब
बेटी का सूट
बेटी सचमुच जवान हो गई है।

माँ -बेटी आपस में अब
कर लेती हैं अदला-बदली
अपनी-अपनी चीजों की।

जब मन होता है
बेटी, माँ के नए सैंडिल पहन
चली जाती है सहेली के बर्थ-डे पर
और माँ –
बेटी का नया सिला सूट पहन कर
हो आती है मायके।

कभी-कभी दोनों में
‘तू-तकरार’ भी होती है
चीजों को लेकर
जब एक ही समय दोनों को पड़ती है
एक-सी ही चीजों की ज़रूरत।

माँ को करती है तैयार बेटी
शादी-पार्टी के लिए ऐसे
जैसे कर रही हो खुद को तैयार।

हेयर-क्लिप हो या नेल-पालिश
लिपिस्टिक हो या कपड़ों के रंग
हेयर-स्टाइल हो या बिंदी का आकार
इन सब पर देती है बेटी खुल कर
माँ को अपनी राय
और बन जाती है ऐसे क्षणों में
माँ के लिए एक आइना।

माँ भी निकाल देती है बेटी के लिए
अपनी सबसे प्यारी संजो कर रखी साड़ी
और खुद अपने हाथों से सिखाती है
साड़ी को बांधना,
चुन्नटों को ठीक करना
और पल्लू को संवारना
जब जाना होता है बेटी को
कालेज के ऐनुअल-फंक्शन में।

अकेले में बैठ कर अब
जाने क्या गिट-पिट करती रहती हैं दोनों
दो हम-उम्र और अंतरंग सहेलियों की तरह
राम जाने !
000


एक प्रेम कविता

तुमने
मेरी यादों की धरती पर
अपना घर बना रखा है
घर कि
जिसके द्वार
खुले रहते हैं सदैव।

जब जी चाहता है
तुम आ जाते हो इस घर में
जब जी चाहता है
चले जाते हो इससे बाहर।

तुम्हारे आने का
न कोई समय तय है
न जाने का।

तुम्हारे आते ही
जीवंत हो उठता है यह घर
तुम्हारे चले जाने से
पसर जाता है इसमें
मरघटों-सा सन्नाटा।

तुम्हें हाथ पकड़ कर
रोक लेने की
चाहत भी तो पूरी नहीं होती
क्योंकि
न जाने कहाँ छोड़ आते हो
तुम अपनी देह
इस घर में आने से पहले।
00
कवि संपर्क :
248, टाइप-3, सेक्टर-3
सादिक़ नगर
नई दिल्ली-110049
दूरभाष : 011-26264912(घर)
09810534373
ई-मेल : subhneerav@gmail.com


दो लघुकथाएं/कमल चोपड़ा

बेटे की इज्ज़त

घर में पैर रखते रही सतपाल लगभग चीखने लगा, “बाबूजी, आप चाहते क्या हैं? क्यो आप मेरी मिट्टी पलीद करवाने पर तुले हुए हैं? आज मेरे दफ्तर में सिंह साहब आये थे... वो बता रहे थे कि तुम्हारे पिताजी मेरे पास दो-चार सौ रुपयों की नौकरी मांगने आये थे... आपको काम की क्या ज़रूरत आन पड़ी है? आप उस साले सिंह के पास काम की भीख मांगने गए ही क्यों? वो सिंह साहब का बच्चा मेरे दफ्तर में प्लान सेंक्सन करवाने आता है तो मैं उसे सीधे मुंह बात नहीं करता और वह हाथ जोड़कर बात करता है। पर आज वह अकड़कर बात कर रहा था। अकड़े क्यों ना? वह दो टके का आदमी आखिर मेरे बाप का मालिक है और मेरा बाप उसका नौकर... मैं पूछता हूँ, आप जान-बूझकर मेरी यह बेइज्ज़ती क्यों करवा रहे हैं? आपको किस बात की परेशानी है?”
सतपाल बाबूजी को सफाई देने का मौका ही नहीं दे रहा था। थोड़ी देर बाद उनकी बहू भी उनके बेटे की बगल में खड़ी होकर तुनकने लगी, “हुंह, बीड़ी-सिगरेट की पुरानी लत है... ऐ जी, आप किससे मत्था फोड़ रहे हैं... इन्हें ना तो अपनी इज्ज़त की चिन्ता है, ना हमारी... लोग क्या कहेंगे कि बेटा अफसर बना फिरता है और बाप इस उम्र में काम की भीख मांगता फिरता है। हमसे तो कहा होता, हम जैसे-तैसे भी आपकी बीड़ी-सिगरेट की अय्यासी का खर्चा भी बर्दाश्त कर ही लेते, लेकिन...”
बेटा और बहू अपने गुस्से पर काबू नहीं पा रहे थे। एकाएक बिना किसी कसूर के पिटे हुए बच्चे की तरह भर्राई आवाज़ में बोले, “बीड़ी-सिगरेट की लत तो मेरी कब की छूट गई है... मुझे पता होता कि सिंह साहब तुम्हें जानते हैं तो उनके पास काम के लिए बिलकुल भी न जाता... बेटा! मैंने तो तुम्हारी इज्ज़त और मान के लिए ही तो... वो पार्क में मेरे दूसरे साथी मुझे टोकते रहते हैं कि तू नया स्वेटर क्यों नहीं बनवाता?... चश्मा क्यों नहीं लगवाता?... सो बस... तुम से चश्मा और स्वेटर के लिए कह पाने की मेरी हिम्मत ही नहीं पड़ती...मैंने सोचा क्यों ना खुद ही कुछ दिन काम करके खुद ही लेकर यह कह दूंगा कि बेटे ने लेकर दिए है। स्वेटर और चश्मे के बिना मैं तो रह भी लूँ लेकिन मैं यह बर्दाश्त नहीं कर सकता कि कोई यह कहता फिरे कि देखो, सतपाल कैसा कपूत है... मैं तो इस कोशिश में हूँ कि सब तेरी तारीफ करें... मैं तो सब को दिखाना चाहता हूँ कि मरा बेटा कितना नेक, लायक और आज्ञाकारी है...उसके लिए चाहे मुझे खुद मज़दूरी ही क्यों न करनी पड़े।"

इच्छा

वे समझते तो सब थे, पर बहू को कहें तो किस मुँह से? बहू क्या कहेगी– बूढ़े हो गए, पर दिल नहीं भरा, शरीर ढल गया पर जुबान अभी भी लाल है। चाहकर भी वे नहीं कह पा रहे थे कि आज मेरी तबीयत गाजर का हलवा खाने को मचल रही है... बना दो, थोड़ा-सा। अपने मन को मारने और समझाने की बहुत कोशिश की पर, गाजर के हलवे का ख़याल था कि मन से निकलता ही न था।
छोटी-छोटी इच्छाओं को लेकर ही तो आदमी कितने बड़े-बड़े अपराध कर बैठता है। जब तक इंसान ज़िंदा रहता है, इच्छाएं तो जन्मती ही रहती हैं। बातों-बातों में वह कई बार गाजर के हलवे की बात छेड़ चुके थे लेकिन...
आज उन्हें अपने असहाय और मोहताज हो जाने का अहसास और भी बेचैन किए दे रहा था– लानत है मेरे ऐसे ज़िंदा रहने पर जो एक मामूली-सी ख्वाहिश ना पूरी हो सके। आज अशोक की माँ ज़िंदा होती तो मेरे कुछ कहने से पहले ही वो बना लाती, पर अब किससे कहूँ? और कह भी दूँ तो क्या पता आगे से उल्टी-सीधी बातें सुननी पड़ जाएं।
परसों शाम जब वे सब्जी लेने जा रहे थे तो उन्होंने बहू से पूछा था, “बहू, कहो तो गाजरें लेता आऊँ... मुन्ने के लिए गाजर का हलवा बना देना, सेहत के लिए अच्छा होता है।"
“नहीं बाबूजी, कौन इतनी मेहनत करे।"
मन मसोसकर रह गए थे। सोचा था, घर में हलवा बनेगा तो उन्हें भी मिल जाएगा।
आज दोपहर बाद अपने पोते पप्पू को पार्क में घुमाने ले गए तो उन्होंने पप्पू को जरिया बनाने के मकसद से कहा, “पप्पू, तू घर जाकर अपनी मम्मी से कहियो कि गाजर का हलवा बनाओ, तूने कभी गाजर का हलवा खाया है?”
“हाँ आ... मैंने तो कल रात को ही खाया था... पापा ना, हलवाई की दुकान से इतना सारा लेकर आये थे। मैंने, पापा ने और मम्मी ने खाया।"
तड़पकर रह गए थे। इतनी लापरवाही, इतनी बेकद्री ! मैंने इनके लिए क्या-कुछ नहीं किया और इन्हें मेरा ज़रा भी ख़याल नहीं। मैंने भी अपने हाथ में चार पैसे रखे होते तो... मैं तो इनका मोहताज होकर रह गया हूँ। एक समय वो था जब घर में हलवा बनता था तो मैं अपने हिस्से का भी अशोक को खिला देता था और आज इन्होंने मेरा हिस्सा ही खत्म कर दिया।
अपनी बेचारगी और लाचारगी उन्हें और भी सालने लगी थी। ज्यों-ज्यों वे अपनी दयनीयता के बारे में सोच रहे थे, हलवा खाने की इच्छा ही मरती जा रही थी।
वे वापस घर पहुँचे तो बहू ने उन्हें सब्जी लाने के लिए पैसे और थैला पकड़ाते हुए कहा, “बाबूजी, आज दो किलो गाजर लेते आना, हलवा बना लेंगे।” अब तक शायद वह बाबूजी की इच्छा समझ चुकी थी, लेकिन बहू हैरानी से उनका मुँह देखती रह गई। छोटे बच्चों की तरह इठलाते हुए उन्होंने कहा, “बूढ़ा हो गया हूँ मैं, मुझे हलवा पचेगा नहीं... मैं तो नहीं खाऊँगा।”

लेखक सम्पर्क :
1600/114, त्रिनगर
दिल्ली–110035
दूरभाष : 011–27381899



भाषांतर
धारावाहिक रूसी उपन्यास(किस्त-2)

हाजी मुराद
लियो तोलस्तोय
हिन्दी अनुवाद : रूपसिंह चंदेल

॥ दो ॥

उसी रात वोजविजेन्स्क में अग्रिम छावनी से तीन सैनिक और एक वारण्ट अफसर सगीर गेट की ओर रवाना हुए। वे उस गांव से लगभग बारह मील की दूरी पर थे, जहाँ हाजी मुराद रात बिता रहा था। सैनिकों ने फर के जैकेट और टोपियाँ, कंधों पर पट्टियाँ लगे ओवर कोट और घुटनों से भी ऊँचे बूट पहन रखे थे जो उन दिनों कोकेशस में यूनीफार्म का हिस्सा हुआ करते थे। अपने हिथयारों को कंधों पर लादे वे सड़क के साथ-साथ एक फर्लांग तक गए, फिर दाहिनी ओर पत्तों से होकर सरसराते हुए बीस कदम चले, और एक टूटे चिनार के पेड़ के पास खड़े हो गए, जिसका काला तना अंधेरे में अस्पष्ट दिखाई दे रहा था। उस पेड़ के पास प्राय: एक संतरी रात्रि-रक्षक के रूप में नियुक्त रहता था।
जब वे जंगल से होकर गुजर रहे थे, पेड़ों के ऊपर दौड़ने का आभास देते चमकीले तारे वृक्षों की नंगी शाखाओं के पार हीरे जैसा चमकते हुए ठहरे हुए थे।
‘‘ईश्वर को धन्यवाद कि यह सूखा है,” वारण्ट अफसर पानोव बोला। उसने संगीन लगी अपनी लंबी राइफल उतारी और आवाज के साथ पेड़ के सामने टिका दी। सैनिकों ने भी उसका अनुसरण किया।
‘‘हाँ, मैं समझ गया, मैं उसे खो चुका हूँ, ” पानोव बुदबुदाया। “या तो मैं उसे भूल आया अथवा वह रास्ते में गिर गया।”
‘‘आप क्या खोज रहे हैं? ” एक सैनिक ने हार्दिकतापूर्वक, प्रसन्न स्वर में पूछा।
‘‘मेरा पाइप… मुझे लानत है। काश ! मैं जान पाऊँ कि वह कहाँ है।! ”
‘‘आप नली लाए हैं? ” प्रसन्न स्वर ने पूछा ।
‘‘नली … यह रही वह।”
‘‘आप उसे जमीन में गाड़ देगें? ”
‘‘क्या इरादा है? ”
“मैं उसे तुरंत बैठा दूंगा।”
गश्त के दौरान धूम्रपान सख्त वर्जित था, लेकिन यह चौकी मुश्किल से ही छुपी हुई थी। यह एक सीमा-चौकी थी जो कबीलाइयों को चोरी-छुपे तोपखाना लाने से रोकती थी, जैसा कि वे पहले करते थे और छावनी पर बमबारी किया करते थे। अंतत: अपने को तम्बाकू पीने से वंचित करने का पानोव को कोई कारण नजर नहीं आया, और उसने प्रसन्न सैनिक के प्रस्ताव पर सहमति दे दी। सैनिक ने अपनी जेब से चाकू निकाला और जमीन पर एक गड्ढा खोदने लगा। जब गड्ढा खुद गया, उसने उसे बराबर किया, नली का पाइप उस स्थान पर बैठाया, छेद में कुछ तम्बाकू रखा, उसे नीचे की ओर दबाया और सब कुछ तैयार था। दियासलाई धधकी और सैनिक के पिचके मुंह के पास एक क्षण के लिए जल उठी, क्योंकि वह पेट के बल जमीन पर लेटा था। पाइप में सीटी की-सी आवाज हुई, और पानोव ने तंबाकू जलने की रुचिकर सुगंध अनुभव की।
‘‘तुमने उसे बैठा दिया ? ” खड़े होते हुए पानोव ने पूछा।
‘‘काम ठीक ठाक हो गया।”
‘‘बहुत अच्छा किया, आवदेयेव ! एक विशिष्ट दक्ष, लौंडे, एह ? ”
आवदेयेव अपने मुंह से धुआँ बाहर छोड़ता हुआ ऊपर की ओर घूम गया, और उसने पानोव के लिए रास्ता बनाया।
पानोव पेट के बल लेट गया, अपनी आस्तीन से नली को पोछा और तम्बाकू पीने लगा। जब उसने पीना बंद किया सैनिकों ने बाते प्रारंभ कर दी।
‘‘ वे कहते हैं कि कमाण्डिंग अफसर पुन: आर्थिक संकट में फंस गया है। निश्चित ही उसने जुआ खेला होगा, ” एक सैनिक धीरे-धीरे बोला।
‘‘वह उसे वापस लौटा देगा।” पानोव बोला।
‘‘सभी जानते हैं कि वह एक अच्छा अफसर है, ” उसकी बात का समर्थन करते हुए आवदेयेव ने कहा।
‘‘मैं परवाह नहीं करता, यदि वह अच्छा अफसर है, ” पहला वक्ता भुनभुनाया, ‘‘मेरे विचार से कम्पनी का कर्तव्य है कि उससे पूछताछ करे। यदि उसने कुछ लिया है, तो उसे बताना चाहिए कि कितना, और वह उसे कब लौटाएगा।”
‘‘यह निर्णय करना कम्पनी का काम है, ” तम्बाकू पीना रोक कर पानोव ने कहा।
‘‘वह उससे भाग नहीं सकेगा, आप भी यह निश्चित तौर पर समझ सकते हैं,” आवदेयेव ने उसके सुर में सुर मिलाते हुए कहा।
‘‘वह सब बहुत अच्छा है, लेकिन हमें रखने के लिए तो मिली जई और हमने सामान रखने की पेटी मरम्मत करवायी वसंत के लिए… पैसा चाहिए, और यदि उसने वह लिया है…।” असंतुष्ट सैनिक ने कहना जारी रखा। ‘‘यह सब कम्पनी के ऊपर है, मैंने कहा न, ” पानोव ने दोहराया। ‘‘ऐसा पहले भी घटित हुआ था। उसने जो भी लिया है वह उसे वापस लौटा देगा।”
उन दिनों काकेशस में प्रत्येक कम्पनी अपने लिए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति अपने चुने हुए प्रतिनिधियों द्वारा नियंत्रित करती थी। भत्ते के रूप में उसे प्रति व्यक्ति छ: रूबल पचास कोपेक प्राप्त होते थे, और वह अपने आप आपूर्ति करती थी। वह सब्जियाँ उगाती, चारागाह तैयार करती, परिवहन व्यवस्था कायम करती और अच्छी तरह पोषित घोड़ों पर विशेष गर्व करती थी। फण्ड तिजोरी में रखा जाता था, और चाबी कम्पनी कमाण्डर के पास होती थी। अपनी सहायता के लिए ऋण लेना कम्पनी कमाण्डर के लिए बार-बार की घटना हो गयी थी। इस समय भी यही घटित हुआ था, और वही सैनिकों के चर्चा का विषय था। निकितिन असंतुष्ट था और चाहता था कि हिसाब के लिए कमाण्डर को कहा जाये, लेकिन पानोव और आवदेयेव इस बात की आवश्यकता अनुभव नहीं करते थे।
पानोव ने जब पीना समाप्त किया, तब निकितिन पाइप की ओर मुड़ा। वह अपने ओवर कोट पर बैठ गया और पेड़ के सामने झुक गया। दल के लोग चुप हो गये थे और आवाज केवल उनके सिरों के ऊपर पेड़ों की फुनगियों की ऊंचाई पर हवा के सरसराने की थी। अचानक उन्हें हवा की सरसराहट से ऊपर श्रृंगालों का चीखना और विलखना सुनाई पड़ा।
‘‘ उन्हें लानत, ये कैसा शोरगुल कर रहे हैं।” आवदेयेव बोला।
‘‘वे तुम पर हंस रहे हैं; क्योंकि तुम्हारा चेहरा भैंगा है, ” नरम उक्र्रैनियन लहजे में तीसरे सैनिक ने कहा।
पुन: चुप्पी पसर गयी। हवा केवल पेड़ों की टहनियों को हिला रही थी, जिससे तारे कभी प्रकट होते तो कभी छुप जाते थे।
‘‘अन्तोनिच, मैं कहता हूँ,” मुस्कराते हुए आवदेयेव ने अचानक पानोव से पूछा, ‘‘आप कभी परेशान हुए ? ”
‘‘परेशान ! तुम्हारा अभिप्राय क्या है? ” पानोव ने अनिच्छापूर्वक उत्तर दिया।
‘‘मैं इस समय इतना परेशान हूँ… मात्र परेशान, कि आश्चर्य नहीं कि मैं कहीं आत्महत्या न कर लूं।”
‘‘इसे समाप्त करो।” पानोव ने कहा।
‘‘मैनें पीने में पैसे इसलिए उड़ाये, क्योंकि मैं परेशान था। मैं पीने के लिए परेशान रहता था। और मैनें सोचा, मुझे अंधाधुंध पीना है।”
‘‘नियम से मदिरा-पान करना मनुष्य को बदतर बनाता है।”
‘‘हाँ, लेकिन मैं क्या कर सकता हूँ।”
‘‘गोया, तुम किस बात से परेशान हो ? ”
‘‘मैं ? मैं गृहासक्त हूँ।”
‘‘क्यों ? क्या तुम घर में बेहतर थे ? ”
‘‘हम अमीर नहीं थे, लेकिन वह एक अच्छी ज़िन्दगी थी, सुन्दर जीवन।”
और आवदेयेव पानोव को उस विषय में बताने लगा, जैसा कि वह पहले भी कई बार कर चुका था ।
‘‘भाई के बजाय मैं स्वेच्छा से सेना में भर्ती हुआ था, ” आवदेयेव ने कहा, ‘‘उसके चार बच्चे थे, जबकि मेरी अभी शादी ही हुई थी। मेरी माँ चाहती थी कि मैं सेना में जाऊं। मैनें कभी उज्र नहीं किया। मैनें सोचा, शायद अच्छे कार्यों के लिए वे मुझे याद करेंगे। इसलिए मैं जमींदार से मिलने गया। वह एक अच्छा आदमी था, हमारा जमींदार, और उसने कहा, ‘‘अच्छा मित्र, तुम जाओ। इस प्रकार भाई के बजाय मैं सेना में भर्ती हो गया।”
‘‘बहुत अच्छा।” पानोव ने कहा।
‘‘लेकिन अंतोनिच, अब आप इस पर अवश्य विश्वास करेंगें, कि मैं परेशान हूँ। यह सब इसलिए बदतर है, क्योंकि मैनें अपने भाई का स्थान लिया था। मैं अपने से कहता हूँ कि इस समय वह एक छोटा जमींदार है, जबकि मैं तंगहाली में हूँ। और मैं जितना ही इस विषय में सोचता हूँ, यह उतना ही बदतर लगता है। इसके लिए मैं कुछ नहीं कर सकता।”
आवदेयेव रुका। ‘‘क्या हम दोबारा तम्बाकू पियेंगे? ” उसने पूछा।
‘‘हाँ, उसे ठीक करो।”
लेकिन सैनिकों को तम्बाकू पीने का आनन्द नहीं मिला। आवदेयेव अभी उठा ही था और वह पाइप ठीक करने ही वाला था, कि उन्हें हवा की आवाज के ऊपर सड़क पर चलते कदमों की आवाज सुनाई दी। पानोव ने अपनी राइफल उठा ली और निकितिन को झिटका। निकितिन उठा और उसने अपना ओवर कोट उठाया। तीसरा बोन्दोरेन्को भी उठ खड़ा हुआ।
‘‘ क्या मैं स्वप्न देख रहा था … क्या स्वप्न …!”
आवदेयेव बोन्दारेन्को पर फुफकारा, और सैनिक जड़ होकर चुपचाप सुनने का प्रयास करने लगे। जूतों पर चलते शिथिल कदम निकट आते जा रहे थे। अंधेरे में पत्तियों और सूखी टहनियों की चरमराहट साफ सुनाई दे रही थी। तभी उन्हें चेचेन की गुट्टारा भाषा में बातचीत करने की अनूठी आवाज सुनाई दी, और उन्होंने पेड़ों के बीच हल्की रोशनी में दो छायाओं को चलते देखा। एक छाया छोटी और दूसरी लंबी थी। जब वे सैनिकों के बराबर पहुंचे पानोव और उसके साथी हाथ में राइफल थामें सड़क पर आ गये।
‘‘ कौन जा रहा है ? ” पानोव चीखा।
‘‘शांतिप्रिय चेचेन, ” दोनों में से छोटे कद वाला बोला। वह बाटा था। ‘‘न बन्दूक है, न तलवार, ” अपनी ओर इशारा करते हुए उसने कहा, ‘‘प्रिन्स, आप देख सकते हैं।”
लंबा व्यक्ति अपने साथी के बगल में शांत खड़ा था। उसके पास भी हथियार नहीं थे।
‘‘कर्नल से मिलने जानेवाले गुप्तचर हो सकते हैं।” पानोव ने अपने साथियों को स्पष्ट किया।
‘‘प्रिन्स वोरोन्त्सोव से मिलना आवश्यक है, महत्वपूर्ण कार्य है।” बाटा ने कहा।
‘‘बहुत अच्छा। हम तुम्हें उनके पास ले जायेंगे, ” पानोव बोला, ‘‘तुम और बोन्दोरेन्को इन्हे साथ लेकर जाओ,” उसने आवदेयेव से कहा, ‘‘उन्हें ड्यूटी अफसर को सौंपना और वापस लौट आना। और पूरी तरह सावधान रहना। इन्हें अपने आगे चलने देना।”
‘‘यह किसलिए है ? ” अपनी संगीन से धकियाते हुए आवदेयेव बोला। एक को धकियाया और वह मृत व्यक्ति-सा बना रहा।
‘‘तुम उसे कोंचते हो, उससे कोई लाभ ? ” बान्दोरेन्को बोला, ‘‘ठीक है, तेजी से चलो।”
जब गुप्तचरों और उनके अनुरक्षकों के कदमों की ध्वनि सुनाई देनी बंद हो गयी, पानोव और निकितिन वापस चौकी में लौट गये थे।
‘‘रात में शैतान उन्हें यहाँ किसलिए लाया था ? ” निकितिन बोला।
‘‘उनके पास कोई कारण अवश्य है, ” पानोव ने कहा। ‘‘देखो रोशनी फैल रही है,” उसने आगे कहा। उसने अपने ओवरकोट को फैलाया और पेड़ के सामने बैठ गया।
दो घण्टे पश्चात् आवदेयेव और बोन्दोरेन्को लौट आए।
‘‘हाँ, तुम उन्हें सौंप आए ? ” पानोव ने पूछा।
‘‘हाँ। कर्नल अभी तक जागे हुए थे, और वे उन्हें सीधे उन्हीं के पास ले गये थे। सफाचट सिर वाले वे लड़के कितने अच्छे थे!” आवदेयेव ने कहा, ‘‘ मैंनें उनसे अद्भुत बातचीत की।”
‘‘हम जानते हैं कि तुम अद्भुत बातूनी हो, ” निकितिन कटु स्वर में बोला।
‘‘सच, वे बलिकुल रूसियों जैसे हैं। एक विवाहित है।”
‘‘तुम्हारे पत्नी है? ” मैनें पूछा।
‘‘हाँ।” उसने कहा।
‘‘कोई बच्चा ? ” मैनें पुन: पूछा।
‘‘हाँ, बच्चा है”
‘‘एक जोड़ी ?”
‘‘एक जोड़ी” उसने कहा। “हमने अच्छी गपशप की।…शानदार लड़के हैं।”
‘‘मैं शर्त लगाता हूँ, ” निकितिन ने कहा, ‘‘ तुम एक से अकेले मिलो, और वह जल्दी ही तुम्हारी आंते निकाल देगा।”
‘‘भोर जल्दी ही होगी।” पानोव बोला।
‘‘हाँ, अब तारे फीके पड़ने लगे हैं, ” आवदेयेव ने बैठते हुए कहा।
सैनिक पुन: चुप हो गये थे।
(क्रमश: जारी…)

अनुवादक संपर्क:
बी-3/230, सादतपुर विस्तार
दिल्ली-110 094
दूरभाष : 011-22965341
09810830957(मोबाइल)
ई-मेल : roopchandel@gmail.com




गतिविधियाँ
साहित्य अकादेमी, दिल्ली के “कथासंधि” कार्यक्रम में हरनोट का एकल कहानी पाठ

साहित्य अकादेमी, दिल्ली ने शुक्रवार 7 मार्च, 2008 को सांय 6 बजे अपने विशिष्ट कथासंधि कार्यक्रम में सुपरिचित हिन्दी कथाकार एस. आर. हरनोट के एकल कथा-पाठ का अपने सभागार रवीन्द्र भवन, नई दिल्ली में आयोजन किया जिसमें हरनोट ने अपनी बहुचर्चित तीन कहानियों–“मोबाइल”, “नदी गायब है” और “मां पढ़ती है” का पाठ किया। तीन अलग-अलग विषयों पर प्रस्तुत की गई कहानियों को सभागार में उपस्थित लेखकों, पाठकों और मीडिया कर्मियों ने खूब सराहा। साहित्य अकादेमी के उप सचिव व साहित्यकार ब्रजेन्द्र त्रिपाठी ने कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व हरनोट का विस्तार से परिचय करवाया और उनकी कहानियों के बारे में देश के कुछ प्रसिद्ध साहित्यकारों कमलेश्वर, ज्ञान रंजन, डॉ0 रमेश उपाध्याय और प्रो0 दूध नाथ सिंह द्वारा की गई चुनींदा टिप्पणियां भी प्रस्तुत कीं। श्री त्रिपाठी ने कहा कि ‘कथा संधि’ साहित्य अकेदमी का ऐसा विशिष्ट कार्यक्रम है जिसे देश के किसी एक चर्चित व सुविख्यात कथाकार पर केन्द्रित किया जाता है।

कथा-पाठ में प्रस्तुत कहानियों पर ब्रजेन्द्र त्रिपाठी ने बारी बारी अपनी टिप्पणियां दीं। “मोबाइल” कहानी को उन्होंने बाजारवाद के खतरे से लोगों को अगाह करवाती कहानी बताया। उन्होंने कहा कि “नदी गायब है” कहानी स्थानीय संस्कृति पर खतरे को गहराई से उद्घाटित करती है। नदी के गायब होने का मतलब पूरी संस्क्ति का नष्ट होना है जिसमें तमाम लोक कथाएं, देवी देवता, रीति रिवाज, लोकाचार रचे बसे हैं, उन सभी पर एक प्रश्नचिन्ह है। अन्तिम कहानी आत्मविश्लेषण जैसी सुन्दर कहानी है जिसकी संवेदना भीतर तक झकझोर देती है। उन्होंने अपनी बात समाप्त करते हुए उपस्थित लेखकों और पाठकों को इन कहानियों पर अपनी बात कहने के लिए आमन्त्रित किया।

लेखक, अनुवादक और ‘सेतु-साहित्य ब्लाग पत्रिका’ के संपादक सुभाष नीरव ने कहा कि ‘मोबाइल’ कहानी ने उनको बहुत प्रभावित किया है और इसलिए उन्होंने अपनी ब्लाग पत्रिका “साहित्य सृजन” में भी इस कहानी को प्रमुखता से छापा है। बाजारवाद को लेकर यह एक सशक्त कहानी है। “नदी गायब है” कहानी भी बहुत अच्छी है। आज पहाड़ों को जिस बेदर्दी से काटा जा रहा है, विकास के नाम पर जो देश व गांव में हो रहा है, उसे यह कहानी शिद्दत से रेखांकित करती है। हरनोट की कहानियों की खूबी है कि हरनोट अपने अंचल को जितनी गहराई से व्यक्त और रेखांकित करते हैं, नि:संदेह वे इनकी कहानियों की शक्ति है जो इधर की कहानियों में बहुत कम देखने को मिलती है।

सुविख्यात लेखक व “बयान” पत्रिका के संपादक प्रो0 मोहनदास नैमिशराय ने साहित्य अकादमी को बधाई दी कि उसने एक सशक्त लेखक को बुलाया है। तीनों कहानियों में तीन अलग-अलग विषय हैं जिनका निर्वाह बखूबी हुआ है। उन्होंने कहा कि मैदानों और पहाड़ों में बाजारवाद के अलग अर्थ हैं। पहाड़ों में जो बाजारवाद घुस रहा है, उसने गांव और पहाड़ों के साथ वहां के लोक जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है जिसे हरनोट ने इन कहानियों में गंभीरता से चित्रित किया है। हरनोट ने इसे झेला है, और हर वह आदमी जो पहाड़ों पर रह रहा है या बाहर से वहां जाता है, उसे झेल रहा है। स्थानीय संस्कृति के लिए पैदा हो रहे खतरों को उदघाटित करती ये कहानियां हरनोट के कथा-श्रम को उद्घाटित करती है। इसलिए वे बधाई के पात्र हैं।

लेखक-आलोचक और ‘अपेक्षा’ पत्रिका के संपादक डॉ0 तेज सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हरनोट ने इन तीनों कहानियों में पहली बार यथार्थ में फैंटेसी का प्रयोग किया है जो उनकी कहानियों में बहुत कम मिलता है। इससे ये कहानियां बहुत सशक्त बनी हैं। इतनी छोटी कहानियों में इतने बड़े और गंभीर विषयों का निर्वाह कोई बिरला लेखक ही कर सकता है। उन्होंने हरनोट की एक अन्य चर्चित कहानी ’दलित देवता, सवर्ण देवता’ का भी जिक्र किया। “मोबाइल” कहानी में हरनोट ने एक मासूम भिखारी बच्ची के माध्यम से राजनीति और बाजारवाद का जो भयावह चित्र प्रस्तुत किया है, वह भीतर तक छू जाता है। इसी तरह “नदी गायब है” कहानी तो एक बहुत बड़े कैनवस की कहानी है। हरनोट को जनता की शक्ति पर विश्वास है इसलिए वे तमाम रूढि़यों को इस कहानी में तोड़ते हैं। जो बहुत बड़ी बात है। “मां पढ़ती है” कहानी को उन्होंने संवेदना के धरातल पर खरी उतरती सुन्दर कहानी कहा जिसमें मां के बहाने गांव के विविध रंग उकेरे गए हैं।


फिल्म निर्माता व प्रोड्यूसर प्रवीण अरोड़ा ने कहा कि वे हरनोट की कहानियों से बेहद प्रभावित हुए हैं। उन्होंने अपनी कहानियों में जो पहाड़ के चित्र प्रस्तुत किए हैं वे अद्भुत हैं। ‘नदी गायब है’ के बारे में उन्होंने कहा कि इस कहानी का यथार्थ उन्होंने अपनी फिल्म निर्माण करते हुए किन्नौर में स्वयं देखा है, वहां जो विकास के नाम पर बाहर की कम्पनियां पहाड़ की संस्कृति को खराब कर रही है, वह सचमुच पहाड़ों के लिए और वहां रह रहे लोगों के लिए खतरा है।

लेखक-आलोचक हीरालाल नागर ने तीनों कहानियों पर हरनोट को बधाई दी और कहा कि उन्होंने हरनोट को बहुत पढ़ा है। उन्होंने कहा कि वे वास्तव में साहित्य अकादेमी द्वारा आयोजित इसी समय आज ही एक दूसरे कार्यक्रम के लिए आए थे लेकिन उन्होंने यहीं आना उचित समझा। लोकजीवन को जिस तरह हरनोट ने अपनी कहानियों में लिया है, वह बिरला देखने को मिलता है। उन्होंने पहाड़ों में जो जीवन है, विकास के नाम पर जो काम हो रहे हैं, उससे पहाड़ों के साथ मनुष्य के लिए भी खतरे बने हैं। उन्होंने हरनोट की कहानी ‘बिल्लियां बतियाती है’ का उल्लेख करते हुए कहा कि मां को जिस तरह हरनोट ने प्रस्तुत किया है वह पहाड़ और गांव की समग्र सांस्कृतिक विरासत को हमारे सामने लाना है।

उक्त गोष्ठी की यह एक लाक्षणिक और अप्रेरित घटना थी कि एक साहित्य प्रेमी ने हरनोट की कहानियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वे मूलत: एक कवि हैं और साहित्य अकादमी के कार्यक्रमों में आते रहते हैं। लेकिन जिस तरह की कविताएं पढ़ी जाती है वे कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ती लेकिन आज की तीन कहानियां सुन कर कहा जा सकता है कि साहित्य अकादेमी इस तरह के सार्थक आयोजन भी करती है। उन्होंने कहा कि हरनोट की कहानियां बरसों-बरस याद रहने वाली कहानियां हैं।

एक अन्य उपस्थित फिल्म निर्माता व प्रोडियूसर देवेन्द्र चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने दूरदर्शन के लिए कई बड़े लेखकों के साक्षात्कार को लेकर फिल्में बनाई है और इसलिए ही उन्हें साहित्यजगत का अनुभव भी है। हरनोट की खासियत यह है कि वे अपनी कहानियों में बिल्कुल सादी और मन को छू लेने वाली भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

अन्य उपस्थित लेखकों में “कथन” के संपादक डॉ0 रमेश उपाध्याय, कथाकार बलराम अग्रवाल, प्रसिद्ध कथाकार व समकालीन भारतीय साहित्य के संपादक अरूण प्रकाश, लेखिका व कथन की संपादक संज्ञा उपाध्याय, उपन्यासकार भगवान दास मोरवाल, सुनील शर्मा, कैवैल्यधाम के निदेशक जे0 पी0 दौनेरिया सहित कई युवा लेखक भी शामिल थे।
ब्रजेन्द्र त्रिपाठी ने अन्त में सभी उपस्थित बन्धुओं और वक्ताओं सहित हरनोट का भी आभार व्यक्त किया।


योगेन्द्र कृष्णा की कविताएं हिंदी काव्य-परंपरा
में नया अध्याय जोड़ती हैं

अरुण कमल

गत 16 मार्च, 2008 को प्रलेस के तत्वावधान में माध्यमिक शिक्षक संघ सभागार, पटना में संवाद प्रकाशन, मुंबई से प्रकाशित योगेन्द्र कृष्णा के काव्य-संकलन बीत चुके शहर में का लोकार्पण चर्चित वरिष्ठ कवि अरुण कमल के द्वारा किया गया. समारोह की अध्यक्षता समकालीन जनमत के प्रधान संपादक रामजी राय ने की. उनकी प्रतिनिधि कविताओं पर समालोचनात्मक टिप्पणी करते हुए अरुण कमल ने अपने वक्तव्य में कहा कि योगेन्द्र कृष्णा की कविताएं संपूर्ण हिंदी काव्य-परंपरा में एक नया अध्याय जोड़ती हैं. उन्होंने कहा कि बीत चुके शहर में की कविताओं में आज का हिंसक होता सामाजिक परिदृश्य एक नए मुहावरे में उजागर हुआ है.

आयोजन की शुरुआत करते हुए कवि शहंशाह आलम ने कहा कि योगेन्द्र कृष्णा के इस रचनात्मक साहस को वे सलाम करते हैं. इस अवसर पर समीक्षक ओम निश्चल ने पुस्तक की अंतर्वस्तु पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि आठवें दशक से ही बिहार का काव्य-परिदृश्य काफी समृद्ध हुआ है. पुस्तक में संकलित कविताओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इनकी कई कविताएं मूल्यों के टूटने का दर्द बयान करते हुए वर्तमान समय को रूपांतरित करती हैं. यथार्थ को बुनने का उनका एक अपना तरीका है. वे नेपथ्य की गतिविधियों को संजीदगी से दर्ज करते हैं. उन्होंने कवि की सुबह के पक्ष में, हत्यारे जब बुद्धिजीवी होते हैं, हत्यारे जब मसीहा होते हैं, बीत चुके अपने शहर में, पूर्वजों के गर्भ में ठहरा समय, कम पड़ रहीं बारूदें तथा दिल्ली में पहली बार जैसी कविताओं की विशेष चर्चा करते हुए कहा कि इन कविताओं के माध्यम से कवि अपने समय के बड़े प्रश्नों से मुठभेड़ करता दिखता है. उन्होंने कहा कि अपनी कविताओं में योगेन्द्र बिलकुल ही नए एवं मौलिक मुहावरे के साथ प्रस्तुत हुए हैं. ये कविताएं इन्हें अग्रिम पंक्ति के समकालीन कवियों के बीच खड़ा करती हैं.
अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में समकालीन जनमत के प्रधान संपादक रामजी राय ने कहा कि योगेन्द्र कृष्णा ने अपनी हत्यारा सीरीज की कविताओं में समय की जो बारीकियां दर्ज की हैं वे बेहद दिलचस्प हैं.

समारोह का समापन कथाकार शिवदयाल ने अपने धन्यवाद-ज्ञापन के साथ किया. इस अवसर पर रवीन्द्र राजहंस, कुमार मुकुल, विनय कुमार, संजय कुमार कुंदन, भगवती प्रसाद द्विवेदी, सुधीर सुमन, जावेद हसन, एम के मधु, मुसाफिर बैठा, अरुण नारायण समेत शहर के अनेक सुधी पाठक, साहित्यकार एवं बुद्धिजीवी उपस्थित थे.
-शहंशाह आलम, सचिव
प्रगतिशील लेखक संघ, पटना



अगला अंक

अप्रैल 2008

-मेरी बात
-सुदर्शन वशिष्ठ की कहानी- “घर बोला”।
-द्विजेन्द्र ‘द्विज’ की ग़ज़लें।
-अविनाश वाचस्पति का व्यंग्य– “जुर्माना यानी जुर्म का आना”।
-“भाषान्तर” में लियो ताल्स्ताय के उपन्यास “हाजी मुराद” के धारावाहिक प्रकाशन की तीसरी किस्त। हिंदी अनुवाद : रूपसिंह चन्देल।
-“नई किताब” तथा “गतिविधियाँ” स्तम्भ।